-भीड़ ने होमगार्ड जवान पर हमला कर सर्विस रायफल छीनी, पुलिस की बोलेरो भी क्षतिग्रस्त।

ARA: भोजपुर जिले के पवना थाना क्षेत्र अन्तर्गत अगिआंव-बहीरो मुख्य नहर लाइन रोड पर रन्नी गांव के पास सैटरडे की दोपहर बालू लदे ट्रैक्टर के पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पवना बाजार के पास शव के साथ आरा-सहार रोड जाम कर दिया। जाम हटाने को लेकर पुलिस और पब्लिक में झड़प हो गई। उग्र लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे भीड़ और उग्र हो गई। अगिआंव सीओ की सूमो विक्टा गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। पवना थाना की बोलेरो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। भीड़ ने होमगार्ड जवान जयराम सिंह पर हमला कर सर्विस रायफल छीन ली। पुलिस को हवाई फाय¨रग करनी पड़ी।

उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई

हालात बेकाबू देख भोजपुर एसपी राजेश दुबे के आदेश पर मुख्यालय से दंगा निरोधक दस्ता समेत आसपास के थानों की पुलिस भेजी गई। जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। पथराव में आधा दर्जन पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं। एसपी के अनुसार उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

दो की हुई मौत

मृतकों में संदेश थाना क्षेत्र के कोरी निवासी दूधनाथ पासवान का 25 वर्षीय पुत्र अजीत पासवान व विनोद भगत का 22 वर्षीय पुत्र विकास कुमार है। वे चालक व खलासी थे। घटना दोपहर 12 बजे की है। संदेश के नारायणपुर घाट से एक ट्रैक्टर बालू लेकर गड़हनी जा था। पुलिस को देख चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगे। अगिआंव -बहीरो मुख्य नहर लाइन रोड पर रन्नी गांव के पास ट्रैक्टर पलट गया। जिसमें दबकर दोनों की मौत हो गई।