PATNA: कहते हैं जब इश्क होता है तो वह कुछ नहीं देखता। न समाज ना रिश्ते। उस समय जो सही लगता है, वह होता है सिर्फ एक-दूसरे की कसमें और वादे। शायद ऐसा ही कुछ हुआ दिल्ली में, लेकिन कहानी में ट्विस्ट पटना में आया। आलमगंज थाने में एक ऐसा मामला आया जिसे सुनकर हर कोई चौंक गया। एक बच्चे की मां को फेसबुक पर दो बच्चे के पिता से दोस्ती हो गई। इसके बाद उसने अपने पति और बच्चे को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने का निर्णय लिया है। दिल्ली के एक मंदिर में पिछले वर्ष चार अक्टूबर को दोनों ने शादी कर ली। दोनों समस्तीपुर स्थित अपने घर जा रहे थे। जाने के क्रम में गांधी सेतु से आलमगंज पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपनी प्रेम कहानी का खुलासा किया। आलमगंज थानाध्यक्ष सीपी गुप्ता ने बताया कि दिल्ली स्थित रोहिणी थाना की पुलिस बिहार से इस प्रेमी जोड़े को ले जाएगी।

बिहार के रहने वाले हैं दोनों

आलमगंज थाना में सुपौल के बलुआ की रहने वाली ग्रेजुएशन पार्ट वन में पढ़ने वाली 21 वर्षीया विवाहिता जूली ने बताया कि उसकी शादी दिल्ली में दुकान चलाने वाले नवीन ठाकुर से हुई थी। उसे ढाई वर्ष का पुत्र है। विवाहिता ने बताया कि सात माह पूर्व फेसबुक पर बिहार के समस्तीपुर के सराय रंजन में रहने वाले 25 वर्षीय रमण कुमार ईश्वर से जान-पहचान हुई। दो च्च्चों का पिता रमण दिल्ली के आजादपुरी में कंप्यूटर ऑपरेटर है।

छिप-छिप कर मिलते थे

जूली ने बताया कि दिल्ली में दोनों छिप-छिपकर मिलते रहे और चार अक्टूबर को मंदिर में शादी कर लिया। रमण ने बताया कि उसने जूली को भी पत्नी का दर्जा दिया है। जूली ने बताया कि उसका पति मान-सम्मान करता करता था। दोनों ने बताया कि वे बालिग हैं और होशो-हवास में साथ रहने का निर्णय लिया है। प्रेमी युगल ने बताया कि 28 फरवरी को दिल्ली से बिहार के लिए भाग निकले।

रोहणी थाने में दर्ज है मामला

पुलिस ने बताया कि जूली के पहले पति नवीन ने रोहिणी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी। दिल्ली पुलिस की सूचना पर सोमवार को गांधी सेतु पर पहले से चौकन्ना पुलिस ने प्रेमी युगल में हिरासत में लिया। हिरासत में दोनों ने अपनी प्रेम कहानी पुलिस को बताई। परिजन थाना पहुंच चुके थे। दिल्ली पुलिस के पहुंचने का इंतजार पुलिस कर रही है।