पटना ब्‍यूरो। लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। हर पार्टी अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी या करने वाली है। चुनावी मैदान में उतरने के लिए लोग एक से एक हथकंडे आजमा रहे हैं। इधर, महागठबंधन भी जल्द उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली है। इसी बीच बुधवार को महागठबंधन का मुख्य दल राजद चर्चा में आ गया है। दरअसल, राजद से अधेड़ नवविवाहिता जोड़ा टिकट के लिए शादी के मंडप से सीधा राजद अध्यक्ष के पास पहुंचा। यह नव दंपति कोई ओर नहीं बाहुबली अशोक महतो उनकी पत्नी अनीता हैं।

खाकी द बिहार चैप्टर के रियल विलेन
ओटीटी पर बहुचर्चित आईपीएस अमित लोढ़ा की किताब पर बनी वेब सीरीज 'खाकी द बिहार चैप्टर' के रियल विलेन बाहुबली अशोक महतो ने शादी के बाद आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव से उनके आवास में जाकर मुलाकात की। मुलाकात के बाद अशोक महतो ने मीडिया से बात करते हुए लालू यादव को अपना भगवान बताया। उन्होंने अपने बयान में बताया कि उनकी पत्नी मुंगेर से चुनाव लड़ेंगी।

कौन हैं बाहुबली अशोक महतो?
कुख्यात अपराधी रह चुके अशोक महतो का गिरोह 1990 के दशक में हुए जातीय संघर्ष में चर्चा में आया था। नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र के कोननपुर गांव के निवासी 60 वर्षीय अशोक महतो पिछले साल ही 17 वर्षों की सजा काटकर जेल से रिहा हुए हैं। अशोक महतो का कई नरसंहार में भी नाम आया था। अशोक महतो पर आरोप था कि 11 मई, 2000 की रात एक ही परिवार के 11 लोगों को गोलियों से भून डाला था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजो सिंह की शेखपुरा में हुई हत्या में भी महतो का नाम आया। नवादा जेल के अंदर रहते हुए 2002 में तीन पुलिस कर्मियों की हत्या कर भाग निकलने वाले अशोक महतो को पिछली बार 2006 में देवघर से गिरफ्तार किया गया था।

खरमास में शादी की चर्चा
बता दें कि आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव की सलाह पर ही अशोक महतो ने 60 साल की उम्र में शादी की है। 17 साल की सजा काटने और कानूनी बाध्यता के कारण अशोक फिलहाल चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। ऐसे में लालू यादव ने उनको शादी कर पत्नी को कैंडिडेट बनाने की सलाह दी। जिसके बाद महज कुछ दिनों के भीतर लड़की ढूंढी गई और आनन-फानन में खरमास में मंगलवार को करोटा स्थित मां जगदंबा मंदिर में शादी की। देर रात मुंगेर से बख्तियारपुर 50 गाडिय़ों का काफिला पहुंचा, जहां करौटा के जगदंबा स्थान में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई। बिहार के इस बाहुबली की शादी का वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ललन सिंह को टक्कर देंगी अनिता
सूत्रों के मुताबिक अशोक महतो की पत्नी मुंगेर लोकसभा सीट से राजद कैंडिडेट हो सकती हैं। लालू यादव की तरफ से उनको चुनाव की तैयारी करने को पहले ही कहा जा चुका है। हालांकि वह मूल रूप से नवादा की रहने वाले हैं लेकिन आरजेडी उनको जेडीयू सांसद ललन सिंह के खिलाफ मुंगेर से लोकसभा चुनाव लड़ा सकता है। कुशवाहा जाति से अशोक महतो आते हैं।

दिल्ली में चीफ फार्मासिस्ट है अनीता
अशोक महतो की पत्नी अनिता सूर्यगढ़ा के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़पुर गांव के स्व। हरी महतो की बेटी हैं। वह उत्तरी रेलवे, दिल्ली में चीफ फार्मासिस्ट की नौकरी कर रही हैं। पटना के राजा बाजार इलाके में भी उनका अपना फ्लैट है। अनिता के पिता स्व। हरी महतो पीडब्ल्यूडी में मुख्य अभियंता पद से सेवानिवृत्त हुए थे। करियर को लेकर सजग रहने वाली कुमारी अनिता ने कभी शादी की इच्छा नहीं जताई। लेकिन, राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण अशोक महतो के शादी के प्रस्ताव को स्वीकार कर सात फेरे ली।