- पप्पू यादव का एलान 23 से किसान-मजदूर रोजगार यात्रा निकालेंगे

PATNA: जन अधिकार पार्टी किसानों को फसल के उचित दाम दिलाने के लिए 23 दिसंबर से किसान-मजदूर रोजगार यात्रा निकालेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने मंडे को कहा कि देश में सबसे दयनीय स्थिति बिहार के किसानों के हैं। यहां ना तो मंडी है ना ही किसानों के उनके उत्पाद का उचित मूल्य ही मिल रहा है। पप्पू यादव सोमवार को पटना में प्रेस प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने पार्टी की कई कमेटियां भी गठित की। पार्टी ने राघवेंद्र सिंह कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

बढ़ते अपराध पर लगे लगाम

पप्पू यादव ने कहा कि एनडीए ने चुनाव पैसों के दम पर जीता। जनता उम्मीद कर रही है कि नीतीश कुमार की सरकार प्रदेश में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाएगी। साथ ही 19 लाख रोजगार सृजित किए जाएंगे और लोगों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त देंगे। उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष और विपक्ष को जनता के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। मजदूर, नियोजित शिक्षक, वित्त रहित प्रोफेसर समेत बड़ी संख्या में लोग अधिकार को लड़ रहे परन्तु उनकी कोई सुध नहीं ले रहा। प्रेस कांफ्रेंस में पप्पू यादव ने पार्टी की नवगठित कमेटियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राघवेंद्र सिंह कुशवाहा प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। जबकि उमेर खां और संजीव मिश्रा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष। इसके साथ ही पार्टी की दूसरी कई कमेटी और उनपर मनोनयन किया गया है।