PATNA:मानसून प्रदेश से मानों रूठ चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तापमान में जहां लगातार चढ़ाव बना हुआ है वहीं एक अनुमान के अनुसार 15 जुलाई तक बरसात के कोई आसार नजर नहीं आते। इसकी वजह से मौसम के तापमान में जहां उमस की स्थिति बनी रहेगी वहीं लोगों को कड़े धूप का भी सामना करना पड़ सकता है।

उमस भरी गर्मी बरकरार

इस दौरान पटनाइट्स को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ रही है। राजधानी सहित प्रदेश के अधिसंख्य हिस्सों में 15 जुलाई तक बारिश की संभावना से इंकार किया जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 जुलाई को उत्तर-पूर्व बिहार में तेज हवा और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इसीबीच बुधवार को पटना में बादलों की आंख-मिचौली जारी रहा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा।