-पटना में सामान्य से चार डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान

- 5.5 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान डिहरी

PATNA: पटना समेत पूरे बिहार में शीतलहर जारी है। सुबह बर्फीली हवा चलने और कोहरे से काफी ठंड पड़ रही है। लेकिन गुरुवार को दिन चढ़ने के साथ धूप निकली तो राहत मिली। शाम को फिर ठंडी हवा से कनकनी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार ऐसी स्थिति अगले एक सप्ताह तक रहने की उम्मीद है।

बदल रहा मौसम

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने बताया कि प्रदेश का मौसम तेजी से बदल रहा है। गुरुवार की सुबह राजधानी समेत अधिकांश भागों में बर्फीली हवा चलती रही, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पटना के अलावा उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में भी घना कोहरा छाया रहा। इस कारण लोगों को वाहन चलाने में परेशानी हुई। कोहरे का असर ट्रेन व हवाई यातायात पर भी दिखा। हालांकि दोपहर बाद मौसम में सुधार हुआ। आसमान से कोहरा छंटा और अच्छी धूप निकली। सूर्यास्त के बाद तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज हुई।

डिहरी रहा सबसे ठंडा स्थान

पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। अधिकतम तापमान 19.2 और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना के अलावा गया का तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड हुआ। गया में गुरुवार को अधिकतम तापमान 19.1, भागलपुर में 19.6 और पूर्णिया में 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डिहरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।