PATNA: सीट शेयरिंग में महागठबंधन आगे हो गया है। सैटरडे को सीटों की घोषणा कर दी गई है। महागठबंधन की ओर से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सीएम का चेहरा होंगे। सीट बंटवारे में वीआइपी की उपेक्षा का आरोप लगाकर मुकेश सहनी गठबंधन से अलग हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अंधेरे में रखा गया। सहनी ने ऐलान किया कि वे संडे को पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। सीट बंटवारे में आरजेडी के खाते में 144 सीटें आई हैं। कांग्रेस विधानसभा की 70 सीटों पर लड़ेगी। वाल्मीकि नगर लोकसभा की सीट भी कांग्रेस के खाते में गई है। वाल्मीकिनगर कांग्रेस की परंपरागत सीट है। 2019 के चुनाव में शाश्वत केदार यहां से कांग्रेस के कैंडिडेट थे। माले को बंटवारे में 19 सीटें मिली हैं। जबकि सीपीआई को 6 और सीपीएम को 4 सीटें दी गई हैं। जेएमएम को आरजेडी अपने कोटे से सीटें देगा।

तेजस्वी को माना नेता

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी अध्यक्ष अविनाश पांडेय ने कहा कि राजद के साथ कुछ मसलों पर हमारी वैचारिक मतभिन्नता हो सकती है। लेकिन बिहार को बचाने के लिए हम पूरी मजबूती के साथ एक साथ है। उन्होंने कहा महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव नेता होंगे। उन्होंने इस दौरान राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की सराहना करते हुए उन्हें गरीबों की आवाज बताया। उन्होंने कहा बिहार एक युवा राज्य है। इसे बचाने के लिए जनता महागठबंधन के हाथों को मजबूत करे। पीसी में सदानंद सिंह, माले से दीपंकर भटचार्य आदि मौजूद थे।