PATNA:शिवहर जिले के चिरैया बराही निवासी साकेत झा ने जेईई मेन की परीक्षा में 100 परसेंटाइल हासिल किया है। उसने प्रतिदिन दस घंटे के अध्ययन से यह उपलब्धि हासिल की है। साकेत के अनुसार नौवीं में ही इंजीनिय¨रग की तैयारी शुरू कर दी थी। पिछले चार वर्षो के प्रयास से यह सफलता मिली है। उसने कहा कि 24 घंटे में 10 घंटे नियमित रूप से अध्ययन किया जाए तो जेईई मेन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। इस वर्ष साकेत 12वीं की परीक्षा देगा। परीक्षा चार मई से होने वाली है।

एनसीईआरटी बुक्स पर फोकस

साकेत ने कहा कि शुरू से ही एनसीईआरटी की पुस्तकों पर फोकस किया। जेईई मेन की परीक्षा में 100 परसेंटाइल प्राप्त करने में एनसीईआरटी की किताबें काफी सहायक रहीं। बाकी किताबों से सहयोग लिया जा सकता है। पिछले चार साल से कोटा में जेईई मेन की तैयार कर रहा था। परीक्षार्थी को सबसे पहले अपने आप सवालों को हल करने की कोशिश करनी चाहिए। अगर सवाल हल नहीं हो तो फिर शिक्षक की मदद लेनी चाहिए। सेल्फ स्टडी से काफी मदद मिलती है। साकेत के पिता संजय कुमार झा बोकारो के संपोषित उच्च विद्यालय में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। साकेत तीन बड़ी बहनों का छोटा भाई है।