-जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कराया शामिल

PATNA: पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व। रघुवंश प्रसाद सिंह के पुत्र सत्यप्रकाश सिंह गुरुवार को जेडीयू में शामिल हो गए। जेडीयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी ने सत्यप्रकाश को जेडीयू में शामिल कराया। जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने रघुवंश सिंह के साथ आत्मीय संबंधों पर बातें की। उन्होंने कहा कि रघुवंश सिंह की गिनती सकारात्मक सोच वाले नेताओं में होती थी। विकास से जुड़ी योजनाओं पर निरंतर बात करते थे। जब भी मिले गर्मजोशी से मिले। खरी-खरी बात कहने के लिए जाने जाते थे। उनके पुत्र सत्यप्रकाश का वह अपने दल में स्वागत करते हैं।

सत्यप्रकाश बोले, पिता के अधूरे काम करेंगे पूरा

पेशे से इंजीनियर सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि वह चाहते हैं कि अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करें। वह चाहते थे कि परिवार का केवल एक व्यक्ति राजनीति में आए। कर्पूरी ठाकुर की सोच से उनके पिता प्रेरित थे। मैं नहीं चाहता था कि मैं राजनीति में आऊं। दिल्ली एम्स से जब उन्होंने चिट्ठी लिखी तो मैंने राजनीति में आने का मन बनाया। सत्यप्रकाश ने कहा कि मैं अपने पिता के अधूरे सपनों पर काम करूंगा। गरीब सवर्ण के आरक्षण के वह पक्षधर थे। राजद में टिकटों की बंदरबांट से वह दु:खी थे। वह यह नहीं चाहते थे कि आपराधिक छवि वाले लोग राजनीति में आएं। इतने दु:खी थे कि वह संसदीय राजनीति छोड़ने का मन बना चुके थे।