-देवघर से मुंडन कराकर सिवान लौटते समय हुई दुर्घटना

-सभी गया के रहने वाले, परिवार के मुखिया सिवान रेलवे में कार्यरत

CHAPRA: छपरा के गड़खा थाना क्षेत्र में एनएच पर अलोनी और भैंसमारा के बीच सैटरडे की सुबह रोड किनारे खड़े ट्रक से स्कार्पियो टकरा गई। जिससे एक महिला और किशोरी की मौत हो गई। स्कार्पियो सवार आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को गड़खा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने महिला नीतू कुमारी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां जख्मी किशोरी मुस्कान की मौत इलाज के दौरान हो गई। मृत महिला और सभी घायल गया के मानपुर के बताए गए हैं।

घायलों को पहुंचाया हॉस्पिटल

गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मानपुर काली पोखरा के रहने वाले दिनेश चौधरी सिवान में रेलवे में नौकरी करते हैं। पूरा परिवार वहीं रहता है। वे बाबा धाम से अपने पुत्र का मुंडन कराकर सिवान लौट रहे थे। दुर्घटना सुबह तीन बजे हुई। टक्कर के बाद सभी घायल छटपटाते रहे। उसी समय गड़खा पुलिस की गश्ती गाड़ी गुजर रही थी। सभी घायलों को पुलिस जीप से गड़खा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दिनेश चौधरी की 38 वर्षीय पत्नी नीतू कुमारी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में दिनेश चौधरी, नित्यानंदा, दिव्यांशु, पंकज कुमार, मुस्कान और आनंद कुमार को छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान 12 वर्षीय मुस्कान की मौत हो गई। जख्मी किशोरी नित्यानंदा ने बताया कि ऐसा लगा कि स्कॉर्पियो के आगे सफेद साड़ी में एक महिला आ गई थी, जिसे बचाने के चक्कर में ट्रक से भिड़ंत हो गई। साथ ही अन्य बातों की चर्चा भी होती रही।