PATNA : सॉरी मॉम, मैं आपको धोखा नहीं दे सकता हूं। आप इतनी मेहनत से मेरे लिए रुपया भेजती हैं, पर मैं यहां ठीक से पढ़ नहीं रहा हूं। हो सके तो इस नालायक को माफ कर देना। सॉरी मॉम। ये कोई लेख नहीं बल्कि वो सुसाइड नोट है जिसे मरने से पहले एक स्टूडेंट ने अपनी मां को लिखा था। पुलिस ने इस सुसाइड नोट को उसके कमरे से बरामद किया।

आत्महत्या का ये मामला है पीरबहोर थाना के तहत महेंद्रूइलाके का। पुरी टोला के एक ब्वॉयज हॉस्टल में बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल का रहने वाला अमित उर्फ राजा रहता था। जो पटना में रहकर कंप्टेटिव एग्जाम की तैयारी करता था। रविवार को सब कुछ ठीक था। रात में उसने खाना भी खाया था। लेकिन सोमवार को अचानक हॉस्टल के दूसरे स्टूडेंट की नजर कमरे में फांसी के फंदे से लटकते उसकी लाश पर पड़ी। हॉस्टल सहित पूरे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो अमित का लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला। जांच में पता चला कि पिछले कुछ महीनों से वो डिस्टर्ब था। मेहनत करने के बाद भी उसे सफलता नहीं मिल पा रही थी। जिससे तंग आकर उसने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिर फैमिली वाले को भी सूचना दे दी। लाडले को खो देने के बाद से फैमिली वालों का हाल बुरा है।