पटना ब्‍यूरो। आज महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए राजधानी के तमाम मंदिर शिवालय सजधज कर तैयार हैं। फाल्गुन कृष्ण त्रयोदशी उपरांत चतुर्दशी 8.11 बजे तक है। धनिष्ठा नक्षत्र के संयोग में सर्वार्थ सिद्धि योग में पूरे दिन श्रद्धालु भगवान शिव व मां पार्वती की पूजा अर्चना कर परिवार की कुशलता के लिए प्रार्थना करेंगे। महाशिव रात्रि को लेकर विभिन्न जगहों से आकर्षक शिव-बारात की झांकी निकलेगी। झांकी का स्वागत खाजपुरा शिव मंदिर के पास होगा। महाशिवरात्रि को लेकर शहर के प्रमुख शिवालयों को रंगीन रोशनी के साथ सजाया गया है। शिव भक्त शिवालयों में जलाभिषेक, पंचामृत अभिषेक समेत रूद्राभिषेक कर बोलबम के जयकारे लगाएंगे। रुद्राभिषेक के बाद संध्या बेला में शिव का भव्य श्रृंगार किया जायेगा। ज्योतिष आचार्यों ने बताया कि महाशिव रात्रि पर वर्षों बाद ग्रह-नक्षत्रों का त्रिकोणीय संयोग बना है। कुंभ राशि में सूर्य, शनि एवं बुध की युति का संयोग रहेगा। ऐसे में शिव की पूजा अर्चना करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। इस दिन कोई भी नया कार्य करना शुभ माना जाता है। शिवरात्रि के दिन शिवङ्क्षलग पर गंगाजल व दूध-दही से अभिषेक करने पर दुखों का नाश होता है। कष्ट व रोगों से मुक्ति मिलती है। मधु से आर्थिक उन्नति, हल्दी युक्त जल, इत्र, बेलपत्र, चंदन अर्पित करने से परिवार में मधुरता बनी रहती है। शिवरात्रि के दिन शिव की पूजा अर्चना करने से अश्वमेघ यज्ञ के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।

महाशिवरात्रि पर राजाबाजार में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को विभिन्न स्थानों से शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। वहीं, खाजपुर स्थित शिवमंदिर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। इसके मद्देनजर दिन के एक बजे से रात्रि तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। वाहनों के सुगम परिचालन के लिए कुछ रूट भी डायवर्ट किए गए हैं। हालांकि, इसका प्रभाव एंबुलेंस, अग्निशमन व अतिआवश्यक सेवाओं के वाहनों पर नहीं पड़ेगा।

ट्रैफिक पुलिस की ओर जारी अधिसूचना के अनुसार, नेहरू पथ (बेली रोड) में राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे डुमरा टीओपी मोड़ से जगदेवपथ मोड़ पर वाहनों का परिचालन नहीं होगा। रुकनपुरा से चिडिय़ाखाना गेट नंबर एक तक नगर सेवा की बसें नहीं चलेंगी। जिन वाहनों को जगदेवपथ से आयकर गोलंबर की तरफ जाना हो, वे मोड़ से फुलवारीशरीफ जेल होकर गंतव्य तक जा सकेंगे। ऐसे ही दीघा, राजीवनगर व एजी कालोनी की ओर जाने वाले वाहन आंबेडकर पथ से मौर्य पथ होकर दीघा-आशियाना रोड पर जाएंगे।