-महनार के पूर्व विधायक उमेश कुशवाहा बने जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष

-बशिष्ठ नारायण के प्रस्ताव पर राज्य कार्यकारिणी की मुहर

PATNA: महनार के पूर्व विधायक 47 वर्षीय उमेश कुशवाहा को जेडीयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। संडे को राज्य कार्यकारिणी की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव जदयू प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने किया, जिस पर सर्वसम्मति से मुहर लग गई।

2010 से प्रदेश अध्यक्ष थे बशिष्ठ

बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य वजहों से प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ना चाहते हैं पर मार्गदर्शक के रूप में पार्टी को अपनी सेवा देते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि बशिष्ठ नारायण सिंह एक दशक तक जदयू के प्रदेश अध्यक्ष रहे। वर्ष 2010 में उन्हें जदयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। वे लगातार तीन बार इस पद पर रहे।

इस बार चुनाव हार चुके हैं उमेश

वर्ष 2015 का विधानसभा चुनाव उमेश कुशवाहा ने 27 हजार मतों से जीता था। उस वक्त उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अच्युतानंद को चुनाव हराया था। इस इस बार वे राजद प्रत्याशी व बाहुबली रामा किशोर सिंह की पत्नी वीणा देवी से चुनाव हार गए।

चौधरी बने थे कार्यकारी अध्यक्ष

जदयू के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह की अस्वस्थता की वजह से विधानसभा चुनाव के समय पार्टी ने अशोक चौधरी को पार्टी का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। चौधरी को राज्य मंत्रिमंडल में स्थान मिला है और उनके पास कई महकमों का जिम्मा है। इस वजह से पार्टी के लिए पर्याप्त समय दे पाना उनके लिए संभव नहीं था।

उमेश बोले, संगठन का करेंगे मजबूत

जदयू के नए प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के संगठन को और मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे। जो जिम्मेदारी मिली है, उसका निर्वहन सफलता से हो, यह ध्येय रहेगा। उमेश ने कहा कि पार्टी में युवाओं को और अधिक संख्या में जोड़ने की दिशा में काम करना प्राथमिकता होगी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो काम हो रहा उसे जन-जन तक पहुंचाना होगा।