PATNA : इंटर कॉमर्स में एडमिशन नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने बुधवार को खाजेकलां थाना एरिया के ओरियंटल कॉलेज में जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप था कि कॉलेज में दलाल सक्रिय हैं। एडमिशन के नाम पर पैसे की वसूली कर रहे हैं। पैसे के बल पर कोई भी एडमिशन करा ले रहा है।

अशोक राजपथ किया जाम

भीषण गर्मी, उमस और हंगामा के कारण एक छात्रा बेहोश हो गयी। प्राचार्य व कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को एसी कमरे में ले गए तथा उसे हो होश में लाया गया। विरोध जताते हुए विद्यार्थी अशोक राजपथ पर पहुंच गए। मुख्य सड़क पर टायर जला कर उन्होंने कुछ देर के लिए वाहनों का रास्ता रोका। मौके पर पहुंची पुलिस ने विद्यार्थियों को समझा कर हंगामा शांत कराया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ। प्रो। सैयद इकबाल अफजल ने विरोध-प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों को हॉल में बैठाया। उन्होंने इन सभी से एडमिशन के लिए आवेदन जमा लिया। प्राचार्य ने कहा कि आवेदन के अनुसार मेरिट लिस्ट तैयार कर इसका प्रकाशन 24 जून को किया जाएगा। इसी लिस्ट के अनुसार आइकॉम में नामांकन होगा।

छात्रों की पसंद है कॉलेज

ओरियंटल कॉलेज में पढ़ रहे छात्रों का कहना है कि यहां नियमित क्लास चलती है। अनुशासन का माहौल है। छात्राओं के लिए कॉलेज परिसर पूरी तरह सुरक्षित है। इन कारणों से यह उनकी पसंद बना है। खास बात यह कि अल्पसंख्यक कॉलेज होने के कारण यहां ऑनलाइन नहीं बल्कि मेरिट के आधार पर सीधे नामांकन होता है।

बढ़ सकती हैं 128 सीटें

प्राचार्य डॉ। प्रो। सैयद इकबाल अफजल ने बताया कि आईकॉम में नामांकन के लिए विद्यार्थियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए वह बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से एक यूनिट यानी 128 अतिरिक्त सीट की मांग करेंगे। उन्होंने बताया कि कॉलेज की शासी निकाय की सुरक्षित सीट को भी इस बार मुक्त कर दिया गया है।