-सुशील मोदी बोले, केंद्र से अधिक मदद दिलाने का करेंगे प्रयास

PATNA: पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी मंडे को निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए। उन्होंने विधानसभा में पटना के आयुक्त संजय अग्रवाल से जीत का सर्टिफिकेट प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही भाजपा और विपक्ष के प्रति आभार जताया।

उठाएंगे बिहार के मुद्दे

सुशील मोदी ने कहा कि राज्यसभा में जहां बिहार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे वहीं केंद्र सरकार और उसके विभिन्न मंत्रालयों में बिहार को अधिक से अधिक मदद दिलाने की कोशिश करेंगे। मोदी ने निर्विरोध निर्वाचन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए विपक्ष का भी आभार जताया। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार को विशेष तौर पर धन्यवाद देते हुए कहा कि सीएम ने नामांकन और आज सर्टिफिकेट पाने के दौरान उपस्थित होकर

हौसला बढ़ाया है। सुशील मोदी ने

कहा कि पार्टी ने बिहार विधानसभा में मुख्य सचेतक, विधानसभा, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के साथ हर उपमुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का मौका दिया इसके लिए वे सबके प्रति कृतज्ञ हैं।

विधानसभाध्यक्ष से मिले

राज्यसभा सदस्य के तौर पर विधिवत निर्वाचन के बाद पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा से उनके कक्ष में मुलाकात की। साथ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ। मदन प्रसाद जायसवाल, उप मुख्यमंत्री रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद भी थे।

सीएम ने दी बधाई दी

राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने जाने पर सीएम नीतीश कुमार ने भाजपा नेता व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को बधाई दी है। सुशील कुमार मोदी को राज्यसभा उप चुनाव में विजयी होने का सर्टिफिकेट मंडे को विधानसभा लाइब्रेरी में सौंपा गया। मौके पर सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद थे। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य, विधान पार्षद व विधायक भी उपस्थित रहे।

डिप्टी सीएम व मांझी ने भी दी बधाई

राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने जाने पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सुशील कुमार मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनका निर्विरोध निर्वाचन बिहार की जनता के प्रति निष्ठा व निस्वार्थ सेवा का परिणाम है। केंद्रीय नेतृत्व को उनके अनुभवों का लाभ मिलेगा। हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, मंत्री संतोष मांझी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने भी उनको बधाई दी।