- भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ व बिहार इलेक्ट्रिक टेडर्स एसोसिएशन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन

PATNA: पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने संडे को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति और बिहार इलेक्ट्रिक टेडर्स एसोसिएशन के कार्यक्रम में एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने लॉकडाउन और कोरोना से बचाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अगर घर-घर बिजली नहीं पहुंचाई होती, 10 करोड़ शौचालय नहीं बनवाए होते और गरीब महिलाओं को 14 करोड़ 73 लाख मुफ्त गैस सिलेंडर नहीं दिया होता तो लोग शौच, ईंधन आदि की तलाश के साथ ही ऊब कर घरों से बाहर सड़क पर निकल आते और लॉकडाउन कभी सफल नहीं होता।

अमेरिका में लगा 6 महीने

सुशील मोदी ने कहा कि अमेरिका जैसे देश को लॉकडाउन के दौरान सात करोड़ लोगाें तक सहायता राशि का चेक पहुंचाने में छह महीने का समय लगा। लोगों के खाते वहां भी थे मगर सरकार के पास उनका डेटा नहीं था, इसलिए डीबीटी के जरिए राशि नहीं पहुंचाई जा सकी। चेक प्रिंट कर लिफाफे में भरने और डाक से भेजने में काफी समय लगा। वहीं, भारत में 20 करोड़ जनधन खाताधारक गरीब महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से लॉकडाउन के तीन महीने तक 500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 30,952 करोड़ रुपये एक क्लिक पर भेजे गए।

गिनाई गई उपलब्धियां

वाणिज्य प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता प्रदेश संयोजक नीरज कुमार ने की। वहीं कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष डॉ। संजय जायसवाल, पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव और प्रेम कुमार ने भी संबोधित किया। नीरज कुमार ने वाणिज्य मंच की उपलब्धियां गिनाई और आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की।