-पुलिस और बेनीपट्टी विधायक पर मुख्य आरोपी को संरक्षण देने का आरोप

MADHUBANI: मधुबनी के बेनीपट्टी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार में कानून का राज नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में अपराधियों का शासन है। बिहार में राक्षस राज है, रावण संगठन चलाया जा रहा है। लेकिन, प्रशासन को पता नहीं है। उन्होंने कहा कि सीएम कहते हैं कि सूबे में न्याय के साथ विकास हो रहा है, लेकिन महमदपुर का सामूहिक हत्याकांड सरकार, प्रशासन और बीजेपी के विधायक व पूर्व मंत्री पर सवाल खड़ा कर रहा है। सीएम को इस घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। सीएम और डीजीपी को पीडि़त परिवार से मिलकर न्याय दिलाना चाहिए। वे ट्यूजडे को मधुबनी जिले के महमदपुर गांव में पीडि़त परिवारों से मिलने पहुंचे थे। पीडि़तों से मिलने के बाद तेजस्वी आक्रामक दिखे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए स्थानीय पुलिस, बेनीपट्टी के बीजेपी विधायक और राज्य सरकार पर हमला बोला।

एसपी रहेंगे तो न्याय नहीं मिलेगा

सत्ता संरक्षण व पुलिस की लापरवाही तेजस्वी ने कहा कि घटना सत्ता के संरक्षण और पुलिस पदाधिकारियों की लापरवाही का परिणाम है। एसपी और डीएसपी जब तक रहेंगे, तब तक पीडि़तों को न्याय नहीं मिलेगा। ऐसे पदाधिकारियों को तुरंत हटाया जाना चाहिए। आगे ऐसी घटना न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। मुख्य आरोपित के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तस्वीरें सामने आई हैं। इसकी जांच होनी चाहिए।

रावण सेना के संरक्षक की हो जांच

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पीडि़त परिवार बेनीपट्टी के भाजपा विधायक पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं। पीडि़त परिवार सदमे में हैं। सीएम को न्याय देना चाहिए। रावण सेना को संरक्षण कौन दे रहा था, इसकी जांच होनी चाहिए। बहुत दिनों से विवाद चल रहा था। परिवार वालों को डराया-धमकाया जा रहा था। कहा, जहां कहीं अन्याय होगा वहां तेजस्वी और राजद पीडि़तों के साथ खड़ा होगा।