पटना (ब्यूरो)। बिहार में मधुबनी जिला के रहिका थाना क्षेत्र अंतर्गत इजरा गांव में चोरी का आरोप लगाते हुए हाथ-पैर बांधकर रामप्रकाश पासवान की रातभर बेरहमी से पिटाई की। पंचायत समिति सदस्य रह चुके रामप्रकाश अनुसूचित जाति के है। आरोप है कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मनबढ़ों ने उन्हें गालियां दीं और पानी मांगने पर पेशाब पिला दिया। उन्हें छोडऩे के एवज 20 लाख रुपये मांगे। 10 दिन पहले हुई इस घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आया। उसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने वेंटिलेटर पर पड़े रामप्रकाश का बयान लिया है। पैक्स अध्यक्ष सहित चार नामजद व कई अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी हुई है। बजरंग दल ने इस घटना को माब लिंचिंग (उन्मादी हिंसा) बताते हुए आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की।

रॉड से सिर पर हमला
दरभंगा जिला में रैयाम थाना क्षेत्र के रजौरा डीह निवासी 45 वर्षीय रामप्रकाश पासवान 16 अगस्त को अपने फूफा के घर (मधुबनी शहर से सटे गोरक्षणी गौशाला) गए थे। रात में अपने घर लौट रहे थे। रहिका थाना क्षेत्र के इजरा गांव में रात 11:15 बजे मो। अरमान, मो। जूही, मो। सोनू व इजरा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष के अलावा तीन-चार अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। एक कमरे में बंद कर दिया। चोर होने का आरोप लगाकर अरमान ने राड से उनके सिर पर वार कर दिया। इससे वे घायल होकर गिर गए। इसके बाद जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। गाली-गलौज करते हुए चोर-चोर का शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर गांव के और 20-25 लोग जुट गए। उसके बाद हाथ-पैर बांध कर रात भर रामप्रकाश को पीटा और अधमरा कर दिया।

छोडऩे के लिए 20 लाख मांगे
अगले दिन 17 अगस्त को रामप्रकाश को छोडऩ के लिए उनके स्वजन को सूचना देकर 20 लाख रुपये की मांग की गई। घटनास्थल पर रामप्रकाश की पत्नी और कुछ ग्रामीण पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। रामप्रकाश की पत्नी भी घायल हो गईं। उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया गया। रामप्रकाश को उनके गांव वालों ने किसी तरह हमलावरों के चंगुल से छुड़ाकर रहिका के अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर स्थिति देखकर रेफर कर दिया गया। दरभंगा शहर के बेंता स्थित प्राइवेट अस्पताल में उनकी चिकित्सा हो रही है।

पहचान कर बेरहमी से पीटा
पुत्र अभिषेक कुमार पासवान ने बताया कि मेरे पिता रामप्रकाश पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। वे अपने फूफा के घर से आ रहे थे। इसी बीच इजरा गांव के लोगों ने नाम पूछ उनकी पहचान की और उसके बाद बेरहमी से पिटाई की। पानी मांगा तो पेशाब पिला दिया। अभिषेक ने कहा कि फिलहाल वे वेंटिलेटर के सहारे जिंदा हैं। पिटाई के कारण रीढ़ की हड्डी, जांघ व पैर की हड्डियां कई जगह टूट गई हैं। कंधे और कमर की पसली भी टूट गई है। किडनी में भी चोट है।

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
रहिका थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि फर्द बयान के आधार पर मो। अरमान, मो। जूही, मो। सोनू व इजरा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष के अलावा कई अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दरभंगा के पुलिस उपाधीक्षक कृष्णनंदन कुमार का कहना है कि पीडि़त का बयान मधुबनी पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।