- पटना का तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज

PATNA: अप्रैल की शुरुआत से पहले ही पारा तेजी से ऊपर चढ़ने लगा है। मंगलवार को राजधानी का तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस मौसम में यह राजधानी का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। राज्य में सर्वाधिक गर्म गया रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

3 दिन में 5 डिग्री बढ़ा पारा

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने बताया कि राजधानी समेत प्रदेश का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं के प्रवेश से प्रदेश का पारा तेजी से चढ़ने लगा है। पटना के पारा में पिछले 3 दिनों में 5 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। गया का तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। तापमान में वृद्धि होने के कारण राजधानी की हवा में आर्द्रता काफी तेजी से गिर रही है। राजधानी की हवा में मंगलवार को आर्द्रता मात्र 45 परसेंट रिकॉर्ड की गई। गया में आर्द्रता 40 परसेंट रही।