एएसपी बोले - पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा मौत का कारण स्पष्ट, जांच जारी

PATNA: पटना सिटी के तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस ने मंगलवार की सुबह तीन युवकों का शव बरामद किया। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन हत्या कर शव फेके जाने की आशंका जता रहे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

केस : 1

मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर में दो दिनों से लापता 30 वर्षीय सुदामा उर्फ नाटू का शव कुआं में तैरने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। लोगों का हुजूम उमड़ गया। कुआं में शव रहने से फूल गया था। परिजन लापता युवक को 48 घंटे से खोज रहे थे। परिजनों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दिया।

केस : 2

अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ मोड़ के समीप 20 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नागरिकों की सूचना पर पहुंची अगमकुआं पुलिस ने मृतक की जेब से बरामद कागजात व पहचान पत्र के आधार पर युवक की पहचान भभुआ जिला के कैमूर स्थित पजरा क्षेत्र निवासी सुदामा सिंह के पुत्र सुधांशु कुमार सिंह के रूप में किया। पुलिस के अनुसार मृतक अगमकुआं थाना क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

केस : 3

आलमगंज थाना क्षेत्र के नया गांव काली मंदिर के समीप पुलिस ने 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद किया। शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे लोग शव नहीं पहचान पा रहे थे। इसी बीच बिस्कोमान कॉलोनी से पहुंचे लोगों ने मृतक की पहचान सोनू के रूप में की। मृतक बिस्कोमान कॉलोनी का रहने वाला है। उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारण का पता चला पाएगा। मामले की जांच हो रही है।