पटना (ब्यूरो)। राजधानी समेत प्रदेश के मौसम ने बीते 24 घंटों में तेजी से परिवर्तन आया है। आंधी-वर्षा और ओला गिरने से कई जिलों में आम के मंजर व अन्य फसलों पर असर पड़ा है। पश्चिमी चंपारण, सहरसा, मुजफ्फरपुर, सारण व अन्य जिलों में कुछ जगहों पर बड़े आकार के ओले गिरने की सूचना है। वहीं, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, शिवहर, गया, सीतामढ़ी, मधुबनी, जयनगर, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी और सारण में वर्षा हुई। पटना व इसके आसपास आंशिक बूंदाबांदी भी हुई। उत्तर बिहार के कई जिलों में सुबह से घनघोर बादल छाए रहे तो कहीं आंशिक बादलों की आवाजाही रही। मौसम में बदलाव से तीन से चार डिग्री तक अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विज्ञानी के अनुसार, आंधी के दौरान कहीं कहीं हवा की गति 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रही। पटना में अधिकतम तापमान में तेजी से कमी आई है। सुबह दस बजे तक आंशिक बादल छाये रहे और दिन भर ठंडी हवाओं का प्रवाह पांच से दस किमी प्रतिघंटे की गति से बना रहा। दोपहर में मौसम साफ होने पर आंशिक गर्मी की स्थिति रही। लेकिन शाम ढलते ही मौसम सुहाना बना रहा।

इन जिलों के लिए आज औरेंज अलर्ट
शनिवार को भी राज्य के 23 जिलों में आंधी पानी और ओला गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, छिटपुट बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट 20 मार्च तक प्रभावी रहेगा। हवा की गति 40 से 50 किमी प्रतिघंटे रहेगी। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, सीवान, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद में कुछ जगहों पर आंधी पानी और ओला गिरने का औरेंज अलर्ट जारी किया गया।

इन जिलों में दर्ज की गई वर्षा
पश्चिमी चंपारण के सिकटा में 62.6 मिमी, रामनगर में 21.2 मिमी, चनपटिया में 14.6 मिमी, नंदनगढ़ में 8.2 मिमी, रक्सौल में 6.4 मिमी, दरभंगा के कमतौल में 60 मिमी, शिवहर के तरियानी में 55 मिमी, गया में 19.8 मिमी, सीतामढ़ी के ढेंगब्रिज में 12 मिमी, पुपरी में 5.2 मिमी, मधुबनी के पंडौल में 6.4 मिमी, जयनगर में 5.2 मिमी पूर्वी चंपारण के मेहसीं में 6.4 मिमी वर्ष हुई है।