-तेजस्वी की अपील पर दोपहर 12.30 से एक बजे तक मानव श्रृंखला

PATNA: किसान आंदोलन के समर्थन में राजद के प्रस्ताव पर महागठबंधन की मानव श्रृंखला सैटरडे को है। बीमार लालू प्रसाद की तीमारदारी के लिए दिल्ली गए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना लौट कर फ्राइडे को साथी दलों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने दावा किया कि पंजाब-हरियाणा की तरह बिहार में भी किसान आंदोलन होगा। दोपहर 12.30 बजे से एक बजे के बीच पूरे प्रदेश में दो गज दूरी बनाकर मानव श्रृंखला का आयोजन होगा।

सरकार मंडी व्यवस्था फिर से करे लागू

तेजस्वी ने कांग्रेस के विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा एवं वामदलों के नेताओं के साथ मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि किसानों के साथ हम अंतिम दम तक खड़े रहेंगे। मानव श्रृंखला की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरकार को चाहिए कि बिहार में बाजार समिति एवं मंडी व्यवस्था फिर से लागू करे।

सीएम को बोलना चाहिए

किसान आंदोलन के मुद्दे पर तेजस्वी ने सीएम नीतीश कुमार की चुप्पी पर सवाल उठाया और कहा कि बिहार में 2006 में ही मंडी व्यवस्था को खत्म कर दिया गया, जिससे किसानों को उपज का दाम नहीं मिल रहा। किसान मजदूर बन गए हैं। सीएम अब उन्हें भिखारी बनाने पर तुले हैं। कृषि कानूनों पर सीएम को अपनी राय का इजहार करना चाहिए। क्या यह कृषि कानून किसानों के हित में है, इस पर सीएम को बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला ही हमारे आंदोलन का अंत नहीं है। उसके बाद भी कार्यक्रम चलते रहेंगे।

नहीं हो रही अनाज की खरीद

तेजस्वी ने कहा कि नए कृषि कानून किसानों के लिए छलावा है। समर्थन मूल्य पर अनाज की खरीद नहीं हो रही है। बिचौलिए को मालामाल बनाने का तरीका है। उन्होंने कहा कि उन्हें हैरत है कि समाजवादी आंदोलन से निकले हुए नीतीश कुमार आज कुर्सी बचाने के अभियान में लगे हैं। प्रदेश में सरकार के सारे कार्यक्रम कागजों पर चल रहे हैं।

आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

कांग्रेस के विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि किसानों के साथ हम एकजुट होकर खड़े हैं। भाजपा ने चुनाव के दौरान जो 19 लाख लोगों को रोजगार देने वादा किया था, उसे पूरा करना होगा, नहीं तो बड़ा आंदोलन खड़ा करेंगे।