-बाढ़ पीडि़त की दो साल की बच्ची को ट्रक ने रौंदा, किशोर की डूबकर मौत

GOPALGANJ: गोपालगंज जिले में सारण तटबंध टूटने से आई विनाशकारी बाढ़ का प्रभाव कम होने लगा है। मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों में तीन फीट पानी घट गया। बाढ़ प्रभावित बरौली प्रखंड के लोग घरों में लौटने लगे हैं। हालांकि, बैकुंठपुर प्रखंड के बसहां टोला के समीप बाढ़ में टूटी सड़क को पार कर रहा 14 वर्षीय सूरज कुमार पैर फिसलने से बाढ़ के पानी में गिर गया। डूबकर उसकी मौत हो गई। वहीं, बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर उपाध्याय टोला के समीप रूपनछाप गांव निवासी डिवाइडर पर तंबू लगाकर दिन काट रहे हैं। गुरुवार की सुबह अवधेश की दो साल की पुत्री दुर्गावती कुमारी तंबू से बाहर सड़क पर खड़ी थी। तभी ट्रक ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छपरा जिले के मढ़ौरा के भावलपुर व नौतन के अलावा प्रखंड के एक दर्जन गांव पुन: बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। मशरक प्रखंड के कई गांव बाढ़ के पानी में डूबे हैं। चैनपुर रेलवे ओवरब्रिज पर लगभग तीन फीट पानी बह रहा है।