PATNA: नौबतपुर में गुड्डू सिंह पर गोलीबारी में पुलिस ने 12 घंटे में ही बड़ा क्लू निकाला है। शम्भूकुढ़ा निवासी नीरज सिंह सहित दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नीरज सिंह की कुख्यात मनोज गिरोह से पुरानी दुश्मनी है और नीरज सिंह मुचकूंद गिरोह का संरक्षणकर्ता बताया जा जा रहा है। मामला शराब तस्करी से जुड़ा है और पुलिस तह तक पहुंचने में जुटी है।

नौबतपुर में अपराधियों ने पैदा की दहशत

नौबतपुर में दवा व्यवसायी दीपू की हत्या के बाद सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल है। एरिया में एक्टिव मूचकुंद गिरोह को परास्त करने को लेकर पुलिस की बड़ी फौज नौबतपुर थाना एरिया में तैनात है। नौबतपुर को अपराध मुक्त करने के लिए जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खां ने एसओजी गठित किया। मुचकूंद के घर पुलिस ने कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी की। वहीं अन्य अपराधियों के खिलाफ बिहटा, नौबतपुर, बिक्रम, पालीगंज सहित अन्य स्थानों पर लगातार छापेमारी जारी है। इस बीच शनिवार को बाइक सवार दो सशस्त्र बदमाशों ने सरासत गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष गुड्डू सिंह को दिनदहाड़े गोली मार दिया और फरार हो गए। हालांकि जख्मी गुड्डू की जान बच गई लेकिन दहशत फैल गई।

पुरानी रंजिश में हुई घटना

गुड्डू सिंह का इलाज पटना में चल रहा है और पुलिस पड़ताल में जुटी है। सुत्रों की मानें तो गुड्डू सिंह एवं शम्भूकुढा के नीरज सिंह के बीच किसी बात को लेकर आपसी रंजिश थी। इसके पीछे शराब तस्करी का मामला बताया जा रहा है। गुड्डू सिंह को पैक्स चुनाव में कुख्यात मनोज सिंह ने मदद किया था। गुड्डू सिंह एवं नीरज सिंह के बीच यह भी एक विवाद का कारण बताया जाता है। ऐसा बताया जाता है कि मनोज सिंह के पिता रामायण सिंह की हत्या में नीरज सिंह शामिल था हालांकि बाद में नीरज सिंह इस मामले में रिहा हो गया। मनोज सिंह को लेकर नीरज सिंह ,मुचकूंद गिरोह को हाल के दिनों में संरक्षण देता रहा है। पैक्स अध्यक्ष गुड्डू सिंह पर गोलीबारी मामले में पुलिस ने शम्भूकुढ़ा गांव में छापेमारी कर नीरज सिंह सहित 2 लोगों को हिरासत में लिया है। सूत्रों की मानें तो मामले का खुलासा हो गया है।