PATNA: दानापुर के सगुना मोड़ के पास एक मैदान में बुधवार को बम फट गया। इस घटना में आस पास खेल रहे दो मासूम आंशिक रूप से घायल हो गए। इस घटना से आस पास सनसनी फैल गई और सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों के साथ डाग स्क्वायड की टीम भी पहुंच गई। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है और उसके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि बम वहां आया कहां से? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बम शक्तिशाली नहीं था, पुलिस इस मामले में छानबीन कर तह तक पहुंचने में जुटी है।

मासूमों के छूने से फटा बम

सूत्रों का कहना है कि दानापुर थाने के सगुना मोड़ के समीप एक मैदान में बुधवार की सुबह बम बच्चों के टच करने से फटा है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे 8 साल का सूरज व रौशन मैदान में घास काटने गए थे। वह मैदान में खेलते-खेलते घास काट रहे थे और इस बीच एक बम फट गया जिससे दोनों घायल हो गए। बम की आवाज से आस पास के लोग जुट गए और पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दिया।

बम को घास में छिपा रखा था

आस पास के लोगों का कहना है कि मैदान में झाड़ी में छिपाकर बम रखा गया था। वहां बम कौन लाया और क्यों छिपाकर रखा गया था इसे लेकर बड़ा सवाल है। पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने झाड़ी से एक जिंदा बम भी बरामद किया गया है। बाद में बम को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सूरज और रौशन मैंदान में घास काटते-काटते वह झाड़ी की ओर चले गए थे। इसी दौरान अचानक एक बम फट गया जिसमें दोनों बच्चे घायल हो गए। बम के छींटे उनके पैर में लगे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में छानबीन की जा रही है। जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-मैदान में रहता है सन्नाटा

आस पास के लोगों का कहना है कि मैदान में काफी कम लोग ही आते-जाते हैं। यहां हमेशा सन्नाटा रहता है। इसी का फायदा उठाते हुए अपराधी तत्वों ने बम को झाड़ी में छिपा कर रख दिया था। बम हैंड मेड व कम पावरपुल था, इसी कारण बच्चों की जान बच गई। अगर बम शक्तिशाली होता तो बच्चों के साथ बड़ी घटना हो जाती। मौके पर पहुंचे एएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस अफसरों का दावा है कि इसका खुलासा वह बहुत जल्द कर लेंगे।