PATNA: बिहार में लोकप्रिय दलित राजनेता के रूप में चर्चित रामविलास पासवान पहली बार 1969 में बिहार विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे। 1977 में पहली बार हाजीपुर से लोकसभा के लिए चुने गए थे और उनकी यह जीत व‌र्ल्ड रिकार्ड में भी दर्ज हुई थी। 5 जुलाई 1946 को खगडि़या के शाहरबन्नी गांव में जन्मे रामविलास पासवान छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय रहे थे। उन्होंने दो शादियां की थीं। 1960 में राजकुमारी देवी से उनका विवाह हुआ था जिनसे उनकी दो पुत्री उषा पासवान और आशा पासवान है। 1981 में पासवान ने राजकुमारी से तलाक लेकर 1983 में रीना पासवान से विवाह किया जिनसे पुत्र चिराग पासवान हैं।

नेताओं ने जताया शोक

रामविलास पासवान भारतीय राजनीति के बडे हस्ताक्षर थे। वे प्रखर प्रवक्ता, लोकप्रिय राजनेता, कुशल प्रशासक, मजबूत संगठनकर्ता और मिनलसार थे।

-नीतीश कुमार, सीएम

रामविलास पासवान के देहावसान की खबर हृदय भेदने वाली है। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

-डॉ संजय जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी

उनसे 30 वर्षो से ज्यादा का साथ रहा है। पासवान जिस भी विभाग के मंत्री रहे अमिट छाप छोड़ी और हमेशा पूरे देश और बिहार के लिए काम किया। उनके योगदान को जनता भूल नहीं सकती है।

-सुशील मोदी, डिप्टीसीएम

रामविलास भाई आप जल्दी चले गए। इससे ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं। आपके असामयिक निधन का समाचार सुन मर्माहत हूं। 45 वर्षो का अटूट रिश्ता और उनके संग लड़ी सामाजिक लड़ाइयां आंखों में तैर रही हैं।

-लालू यादव, अध्यक्ष आरजेडी

राजनीतिक सफर पर नजर

-रामविलास पासवान (पांच जुलाई 1946-08 अक्टूबर 2020)

-जन्म पांच जुलाई 1946 शहरबन्नी, जिला खगडि़या

-पिता: स्व। जामुन दास

-शिक्षा: एमए, एलएलबी,

-पहली बार 1969 में अलौली से विधानसभा चुनाव जीते

-1974 में इमरजेंसी विरोधी आन्दोलन में सक्रिय भागीदारी एवं जेल यात्रा

-1977 में हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से रिकार्ड मतों से जीत। गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में नाम। 1980, 1989, 1996, 1998, 1999, 2004 एवं 2014 में हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से जीत।

-2019 में राज्यसभा के निर्वाचित। इससे पहले 2010 से 2014 तक राज्यसभा सदस्य।

-1989 में पहली बार वीपी सिंह के नेतृत्व में केंद्र में गठित जनमोर्चा सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री

-मंडल आयोग की सिफारिशों के कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका

-एचडी देवेगौड़ा, इंद्र कुमार गुजराल, अटल बिहारी वाजपेयी, डा। मनमोहन सिंह एवं नरेंद्र मोदी के कैबिनेट में मंत्री। रेल, कोयला, रसायन, उर्वरक ,संचार एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री।

-संगठन: संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, जनता पार्टी, लोकदल, जनता दल, जनता दल यूनाइटेड में महत्वपूर्ण पदों पर रहे।

-2000 में लोक जनशक्ति पार्टी की स्थापना। निधन के कुछ दिन पहले तक इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। अभी मार्गदर्शक की भूमिका में थे।