डोज मिलते ही वैक्सीनेशन में आई तेजी, 1.12 लाख को लगी वैक्सीन

- पांच लाख डोज मिले प्रदेश के लिए

- 18 प्लस के 16.87 लाख लोगों का हो चुका है टीकाकरण

- सूबे में टीकाकरण का आंकड़ा 1.06 करोड़ के पार हुआ

PATNA : युवा आबादी के लिए कोविशील्ड और कोवैक्सीन की पांच लाख डोज मिलने के साथ ही पटना सहित प्रदेश भर में वैक्सीनेशन में तेजी आ गई है। बुधवार को प्रदेश में जहां 45 हजार वैक्सीन की डोज दी गई थी वहीं गुरुवार को 1.12 लाख से अधिक को वैक्सीन की डोज मिली। 1.07 लाख को पहली और 5676 को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई।

76 हजार 18 प्लस वालों को डोज

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वैक्सीन की सर्वाधिक डोज 18-45 उम्र वालों को दी गई। 76,499 युवाओं का वैक्सीन दी गई। इसके पहले विगत सात दिन में (27 मई से दो जून के बीच) 54,152 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया था। युवा आबादी को 76,499 वैक्सीन देने के साथ प्रदेश में 18 प्लस वालों का टीकाकरण का आंकड़ा 16,87,836 हो गया है।

25 हजार वैक्सीन 45-59

18 प्लस वालों के अलावा गुरुवार को 45-59 उम्र के करीब 25 हजार और 60 से अधिक उम्र के लोगों को 7,290 वैक्सीन दिए गए। 45-59 उम्र के 22,399 और 60 से अधिक उम्रके 5,653 को पहली डोज दी गई। 50-59 उम्र वालों को 2,850 और 60 से ज्यादा आयु वाले 1,637 को दूसरी डोज दी गई।

फ्रंटलाइन वर्कर ने भी ली डोज

वैक्सीनेशन सेंटर्स पर 2463 फ्रंटलाइन वर्कर को पहली और 1189 को दूसरी डोज दी गई। इसके साथ ही राज्य में वैक्सीनेशन कराने वालों की संख्या 1,06,65,769 हो गई है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 86,48,612 लोगों को पहली और 20,17,157 को दोनों डोज दी जा चुकी है।

पीछे है आधी आबादी

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बिहार में वैक्सीनेशन अभियान में महिलाएं अब पुरुषों से कुछ कदम ही पीछे हैं। अब तक 48,05,999 डोज पुरुष आबादी को दी गई। महिलाओं को 39,46,269 डोज दी गई है।

सर्वाधिक टीके कोविशील्ड के

बिहार में अब तक जो वैक्सीनेशन हुआ है, उसमें 97.9 लाख डोज कोविशील्ड के तो 8.64 लाख डोज कोवैक्सीन की दी गई हैं।