PATNA: राजधानी और आसपास के इलाके में बर्फीली हवा के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बिहार में गया सबसे सर्द रहा। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण ठंडी हवा बिहार आ रही है। मकर संक्रांति तक प्रदेश में ठिठुरन से राहत की संभावना नहीं है।

पटना में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहे। धूप मद्धिम रहने के कारण ठिठुरन का अहसास किया गया। न्यूनतम तापमान बीते 24 घंटे के दौरान चार डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। राजधानी का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री और अधिकतम 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री और अधिकतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा।