- नवादा की आठ वर्षीय लड़की की शादी 28 साल के लड़के से करने संबंधी ट्वीट पर मचा था हंगामा

- जमुई में ननिहाल में हुई प्रारंभिक जांच तो पता चला लड़की है बालिग

JAMUI/NAWADA: अगर आप भी बिना जांचे कोई तस्वीर या वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं तो अलर्ट हो जाएं। वह फर्जी भी हो सकता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसमें वायरल मैसेज फर्जी साबित हुआ है। नवादा जिले की कथित नाबालिग लड़की की शादी को लेकर ट्वीट होते ही बवाल मच गया। फ्राइडे की सुबह ट्विटर पर आठ वर्षीय लड़की की शादी 28 साल के लड़के से होने की तस्वीर शेयर की गई। बताया गया कि बिहार के नवादा जिले की यह मार्मिक तस्वीर गरीबी और परिवार की मजबूरी को बयां कर रही है। वे हालात कैसे होंगे कि जब मां-बाप ने 8 साल की बेटी की शादी 28 साल के लड़के से की होगी। बाद में जमुई जिला प्रशासन की प्रारंभिक जांच में लड़की बालिग पाई गई है।

सीएम-पीएम को कर दिया टैग

इससे पहले तस्वीर आने के बाद ट्विटर पर घमासान मच गया। प्रधानमंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री और नवादा के डीएम को टैग करते हुए पोस्ट को खूब शेयर किया गया। जानकारी मिलते ही नवादा के डीएम यशपाल मीणा ने उच्चस्तरीय टीम गठित कर जांच करने का निर्देश दिया।

जब जांच करने पहुंची टीम

अधिकारियों को जानकारी मिली कि मामला जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के एक गांव से जुड़ा है। उसके बाद जांच टीम में शामिल सदर एसडीएम उमेश कुमार भारती, पकरीबरावां एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा, वारिसलीगंज के बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष गांव पहुंचे। वहां लड़की का घर बंद मिला। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो पता चला कि लड़की मां के साथ जमुई जिला के सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती है। उसके पिता दिल्ली में काम करते हैं। लड़की की शादी एक-दो महीने पहले ननिहाल में हुई है। गांव के लोगों को इससे अधिक जानकारी नहीं है।

आधार कार्ड में उम्र 19 वर्ष

नवादा के जिलाधिकारी यश पाल मीणा ने बताया कि उच्चस्तरीय टीम का गठन कर मामले की जांच कराई तो पता चला है कि लड़की की शादी ननिहाल में ही हुई है। इस संबंध में जमुई जिला प्रशासन को सूचित कर दिया गया। इधर, जमुई के डीएम अवनीश कुमार सिंह ने मामले की जांच का जिम्मा अनुमंडल पदाधिकारी प्रतिभा रानी को सौंपा। उन्होंने सिकंदरा के अंचलाधिकारी कृष्ण कुमार सौरभ से मामले की जांच कराई। लड़की की ननिहाल के लोगों ने जो आधार कार्ड प्रस्तुत किया, उसके अनुसार लड़की की उम्र 19 साल है।

अशोक धाम में हुई थी शादी

19 वर्षीय तनु कुमारी के आधार कार्ड में उसकी जन्मतिथि एक जनवरी, 2002 है। तनु की शादी शेखपुरा जिले के बरसा गांव निवासी सतीश सिंह के पुत्र शशिकांत शर्मा के साथ 26 अप्रैल, 2021 को लखीसराय जिले के अशोक धाम मंदिर में हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से शादी मंदिर में संपन्न हुई है।