-पहले कराना होगा रजिस्ट्रेशन फिर मिलेगी वैक्सीन

-आम लोगों के रजिस्ट्रेशन के लिए डेवलप किया जा रहा है एप

PATNA: कोरोना और इसके वैक्सीनेशन को लेकर यह बड़ी खबर है। चाहे कोई भी हो, केवल रजिस्ट्रेशन कराने वाले को ही वैक्सीन दी जाएगी। डॉक्टरों और हेल्थ वर्कर को सबसे पहले मिलेगा वैक्सीन का डोज। इस संबंध में सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर लाइनलिस्टिंग कर रही है। बिहार के सभी डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीनेशन के पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराएंगे। स्वास्थ्य विभाग के एक निर्देश के बाद राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से सभी जिलों के सिविल सर्जन को इस संबंध में हिदायती पत्र जारी किया गया है। इतना ही नहीं, स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ही कोरोना वारियर्स व आम लोगों को भी रजिस्ट्रेशन बाद ही वैक्सीन मिलेगी।

बिहार में पांच लाख डॉक्टर

स्वास्थ विभाग के सूत्रों के अनुसार दस दिसंबर तक प्रदेश के तकरीबन सवा चार लाख से अधिक डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों की इंट्री डाटा बैंक में की जा चुकी थी। स्वास्थ्य विभाग का अनुमान है कि सरकारी-प्राइवेट मिलाकर प्रदेश में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या पांच लाख या फिर इससे थोड़ी अधिक हो सकती है। आम लोग भी आसानी से वैक्सीनेशन का लाभ ले सके, इसके लिए सरकार एक एप विकसित करने में जुटी हुई है।

समय सीमा बढ़ाई गई

स्वास्थ विभाग के सूत्रों ने बताया कि पहले डॉक्टरों और हेल्थ वर्करों को रजिस्ट्रेशन आठ दिसंबर तक कराना था। लेकिन शुरू में इस बारे में जानकारी और प्रचार -प्रसार के अभाव में रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका। अब इसकी समय सीमा बढ़ाई गई है। लेकिन यह समय सीमा कब तक मान्य होगी, इसकी सूचना नहीं दी गई है।

कोरोना वैक्सीन केवल उन्हें ही मिलेगी, जो रजिस्ट्रेशन कराएंगे। जो ऐसा नहीं करेंगे, उन्हें वैक्सीन नहीं मिलेगी। वैक्सीन सभी को मिले, इसके लिए कई काम चल रहे हैं।

-डॉ विभा कुमारी, सिविल सर्जन पटना