- जिलाध्यक्ष और जितेंद्र गुट के कार्यकर्ता में हुई जमकर धक्का-मुक्की

- बीच-बचाव करने पहुंचे विधायक विजय शंकर दुबे से भी उलझे

ष्ट॥न्क्कक्त्रन्/क्कन्ञ्जहृन्: छपरा जिले में संगठन को मजबूत करने के लिए छपरा पहुंचे बिहार कांग्रेस के प्रभारी सचिव के समक्ष ही कांग्रेस के दो गुट भिड़ गए। बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। प्रभारी सचिव के समक्ष यह लोगों को पता चल गया कि कांग्रेस में दो-तीन गुट हो गया है और सभी एक-दूसरे पर भारी पड़ने के लिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी को सारण जिला में मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से बिहार कांग्रेस के प्रभारी सचिव राजेश लिलोटिया गुरुवार को छपरा पहुंचे थे। शहर के साधनापुरी स्थित कांग्रेस भवन में जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित थी।

करने लगे जिला कमेटी भंग करने की मांग

बैठक शुरू होते ही जितेंद्र सिंह गुट के कार्यकर्ता जिला कमेटी भंग करो, नई कमेटी का गठन करो का नारा लगाने लगे। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद सिंह के गुट के कार्यकर्ता भी दूसरे गुट के लोगों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते विवाद पूरी तरह बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। कांग्रेस के मांझी विधायक विजय शंकर दुबे और अन्य वरिष्ठ नेता बीच-बचाव करने के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी हाथापाई हो गई। लेकिन काफी प्रयास के बाद मामला शांत हुआ। बैठक समाप्त होने के बाद प्रभारी सचिव लिलोठिया जिलाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद सिंह एवं दूसरे गुट के जितेंद्र सिंह को अपने गाड़ी में बैठाकर परिसदन पहुंचे और दोनों लोगों को समझाया। वहीं विधायक विजय शंकर दुबे ने कहा कि पार्टी कोई विवाद नहीं हुआ था। कुछ कार्यकर्ता अपनी बात रखने के लिए हंगामा कर रहे थे, लेकिन उन्हें समझाकर शांत करा दिया गया। बैठक के दौरान मेरे साथ या किसी भी कांग्रेस कर्मी के साथ कोई धक्का-मुक्की नहीं हुई थी।