PATNA :

महाशिवरात्रि पर भगवान शिव को दूध, गंगाजल, शहद, दही समेत कई सामग्रियों से अभिषेक करने के लिए पौ फटते ही श्रद्धालुओं की भीड़ शिवालयों में जुट गई। अहले सुबह से मंदिरों के बाहर से ही भक्त जय भोलेनाथ का नारा लगाते हुए अभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करने लगे। कई मंदिरों में भक्तों में रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से सौभाग्य और आरोग्य का वर मांगा। शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से देर शाम तक आस्था का सैलाब उमड़ता रहा।

शहर विभिन्न इलाकों से भगवान शंकर की आकर्षक झांकी निकाली गई। खाजपुरा, बोरिंग रोड चौराहा, राजीव नगर, इंद्रपुरी, पटना सिटी के मंदिरों में दिन भक्तों की भीड़ रही। इस दौरान सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए। प्रमुख चौराहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई। पटना सिटी के मंदिरों से लेकर सड़क तक पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

भोलेनाथ की बारात में झूमे श्रद्धालु

नेहरू नगर स्थित विशाल बजरंगबली शिवमंदिर से वैश्रि्वक महामारी कोरोना मिटाओ रथ पर भगवान भोलेनाथ की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस मौके पर भगवान भोलेनाथ के अन्यगण अन्य सवारियों में विराजमान थे। श्रद्धालुगण इस भव्य शोभा यात्रा में शिव के जयकारे करते हुए खाजपुरा बेलीरोड स्थित शिव मंदिर स्वागत स्थल पर पहुंचे। भक्तों ने भगवान शिव से कोरोना महामारी से मुक्ति की प्रार्थना की। शोभा यात्रा में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री पद्मश्री डॉ। सीपी ठाकुर, पथ निर्माण मंत्री नितीन नवीन, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री वर्तमान में विधान परिषद सदस्य संजय पासवान, पूर्व मंत्री बिहार सरकार महाचंद्र प्रसाद सिंह, महिला आयोग बिहार अध्यक्ष दिलमणि मिश्रा, पद्मश्री डॉ। गोपाल प्रसाद सिन्हा, विधायक संजीव चौरसिया, पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय, राजव‌र्द्धन शर्मा, डाक विभाग के निदेशक अनिल कुमार, डॉ। राजीव रंजन, समाजसेवी दीपक ठाकुर, प्रोफेसर डॉ। चंद्रा सिंह, डॉ। ज्ञान सिंह, प्रोफेसर डॉ। सावित्री पाण्डेय, डॉ। शांति एसबी सिंह, राजेंद्र शर्मा, डॉ। कन्हैया सिंह, डॉ। रजत चरण आदि सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।