- हाईवे जामकर किया लोगों ने पथराव और आगजनी

- न्यायालय में पेशी के लिए ले जाया गया था युवक को

PATNA :

गौरीचक थाना पुलिस कस्टडी में शराब तस्करी के आरोप में बंद एक युवक की मौत हो जाने पर उसके परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश भड़क गया। आक्रोशित लोगों ने थाने पर जमकर पथराव किया। लोगों का आक्रोश यहीं पर शांत नहीं हुआ। उपद्रवियों ने आगजनी भी की। इससे थाना पुलिस में भगदड़ मच गई। पुलिस कर्मी पथराव से बचने के लिए इधर-उधर छिपने लगे। काफी देर तक उपद्रवी उत्पात मचाते रहे। जानकारी होने पर एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। बमुश्किल हालातों को काबू में किया गया। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगजनी और पथराव करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। गौरीचक थानाध्यक्ष का कहना है कि उपद्रवियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शराब तस्करी में किया था गिरफ्तार

गौरीचक थाना पुलिस ने

धर्मेद्र कुमार मांझी को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया था। वहां से वह पुलिस कस्टडी में लौटकर आ रहा था। पुलिस का कहना है कि उसकी रास्ते में तबियत खराब हो गई थी। थाने लाए जाने के दौरान उसकी और तबियत बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस झूठ बोल रही है। उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई है। उसे इतना मारा-पीटा गया कि उसकी जान ही निकल गई।

आक्रोशितों ने हाईवे को किया जाम

शराब तस्करी के आरोपी धर्मेद्र कुमार मांझी की मौत की जानकारी होते हुए ग्रामीण और उसके परिजन बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। थाने का घेराव कर लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने पटना-गया हाईवे जाम कर दिया। टायरों में आग लगा दी गई। वहीं थाना परिसर में खड़ी कई गाडि़यों में तोड़फोड़ भी की। लोगों के आक्रोश को देखकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। अनियंत्रित लोगों को नियंत्रित किए जाने का पुलिस को कोई उपाय नहीं सूझ रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसएसपी भी पहुंच गए। पूरे मामले की जांच पड़ताल किए जाने के आदेश दिए हैं।

कई थानों की फोर्स पहुंची

स्थिति को काबू करने के लिए कई थानों का फोर्स मौके पर बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया। फिर से कोई बबाल न हो इसके लिए वहां पर आरएएफ को तैनात किया गया है।

परिजनों की मांग

मृतक के परिजनों ने मांग की है कि दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें निलंबित किया जाए। इसके साथ ही पीडि़त परिवार को आर्थिक मदद की जाए।

क्या कहते हैं अधिकारी

सिटी एसपी ईस्ट ने बताया कि धर्मेद्र कुमार मांझी को शनिवार सुबह शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसे रविवार को न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाया गया। किसी कारण से सुनवाई नहीं हो सकी। उसे वापस थाने लाया जा रहा था। उसकी तबियत खराब हो गई। इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे एनएमसीएच रेफर कर दिया गया। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।