नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने गुरुवार को फिर कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज मामले में केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज संग एक कैदी की तरह व्यवहार कर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया है। वाड्रा ने ट्वीट में कहा कि सोज साहब ने भारतीय लोकतंत्र की प्रक्रियाओं को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उनके साथ कैदी सा व्यवहार करके भाजपा सरकार लोकतंत्र को कुचल रही है। जम्मू-कश्मीर में एक साल से तानाशाही कायम है।मैं सरकार को याद दिलाना चाहती हूं कि भारत एक लोकतंत्रात्मक गणराज्य है। इसके साथ ही प्रियंका ने एक तस्वीर भी पोस्ट की है। तस्वीर में सैफुद्दीन सोज एक दीवार के अंदर खड़े और दीवार पर कांटेतार तार बंधे हैं।


न तो हिरासत में लिया गया और न नजरबंद रखा गया
हाल ही में इस सप्ताह की शुरुआत में आई मीडिया रिपोर्टों में यह बात सामने आई थी कि सोज का कहना है कि वह घर में नजरबंदी के अधीन है और उसके निवास के मुख्य द्वार को अब अंदर से भी बंद कर दिया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने न्यायपालिका से स्थिति को देखने का आग्रह किया था। उनकी रिहाई के लिए पत्नी ने सर्वाेच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। हालांकि प्रदेश प्रशासन ने बीती 31 जुलाई को सर्वाेच्च न्यायालय में दावा किया था कि उन्हें न तो हिरासत में लिया गया और न नजरबंद रखा गया। वह कहीं भी आने-जाने को स्वतंत्र हैं। बता दें कि सोज का आरोप है कि उनको भी पिछले साल 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार द्वारा संसद में धारा 370 खत्म करने की घोषणा के बाद कश्मीर में अन्य प्रमुख नेताओं के साथ हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें घर में नजरबंद कर दिया था।

National News inextlive from India News Desk