सायको में भाजपा नेता की पत्नी समेत हत्या

खूंटी : नक्सल प्रभावित सायको थानांतर्गत आड़ा गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने भाजपा नेता सह कुड़ापूर्ति पंचायत के उप मुखिया शीतल मुंडा (50 वर्ष) व उनकी पत्नी मादे मुंडाइन की गोली मारकर हत्या कर दी। रात लगभग साढ़े नौ बजे हुई इस घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया। सुबह घटना की सूचना मिलने पर सायको पुलिस सदल-बल मौके पर पहुंची और मामले की तहकीकात शुरू की। बाद में खूंटी एसपी आशुतोष शेखर भी घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से मामले की पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया।

दोहरे हत्याकांड

चुनाव से पूर्व हुए इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलने पर डीआइजी एबी होमकर भी घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में उन्होंने सायको थाना में पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। जानकारी के मुताबिक गत रात लगभग साढ़े नौ बजे शीतल मुंडा खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे। उनके घर का दरवाजा खुला हुआ था। इसी बीच तीन सशस्त्र नकाबपोश अपराधी घर में घुस आए और बिना कुछ बोले कुर्सी में बैठे शीतल मुंडा को लक्ष्य कर गोलियां दाग दीं। यह देखते ही उनकी पत्नी मादे मुंडाइन ने अपराधियों से भिड़कर दरवाजे को बंद करने का प्रयास किया। इस पर एक अपराधी ने मादे मुंडाइन की कनपटी में एक गोली दाग दी, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। इसके बाद शीतल मुंडा को पुन: गोली मार दी। दंपती की हत्या करने के बाद अपराधी घर में रखे बक्सों को खोलकर कुछ तलाश करने लगे और जो कुछ नकदी व कीमती सामान मिला उसे लेकर गांव के समीप जंगल की ओर फरार हो गए। घटना के दौरान दंपती के अलावा उनकी छोटी पुत्री 12 वर्षीया बासुकी घर में मौजूद थी। हत्या किए जाने के बाद उसने अपराधियों से कहा कि हमारे माता-पिता को क्यों मारा, इस पर अपराधियों ने कहा कि तुम्हारे पिता ने जो तालाब का काम कराया था उसमें हम लोगों को पैसा नहीं दिया था। इसीलिए हमने इन्हें मार डाला।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अर्जुन मुंडा व नीलकंठ सिंह मुंडा

इस नृशंस हत्याकांड की जानकारी मिलने पर ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जब तक पोस्टमार्टम नहीं हो गया तब तक दोनो मंत्री पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जमे रहे। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों व साथ आए ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया। पोस्टमार्टम के बाद दोनो शवों को गांव भेजने की व्यवस्था की। मौके पर बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष ओपी कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष अर्जुन पाहन, भाजपा जिला महामंत्री विनोद नाग सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। पोस्टमार्टम के दौरान पोस्टमार्टम हाउस में सिविल सर्जन डॉ। प्रभात कुमार भी पूरे समय मौजूद रहे।

-----------------------------