आगरा। ब्रिटेन का शाही जोड़ा 16 अप्रैल को ताज दर्शन के लिए आ रहा है। शाही जोडे़ ने रात में ताज दर्शन की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस विलियम अपनी पत्नी केट के विशेष आग्रह पर भारत ताज भ्रमण को आ रहे हैं।

19 से 23 अप्रैल तक नाइट व्यू

ताजमहल में नाइट व्यू 19 से 23 तक चार दिन तक रहेगा, लेकिन शाही परिवार 16 अप्रैल को ताज दीदार को आ रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से उस समय रात्रि दर्शन से इंकार कर दिया गया है। ऐसे में रात में शाही जोड़ा होटल अमर विलास में अपने विशेष सुइट से ही ताज स्मारक का दीदार करेगा।

दो घंटे करेंगे ताज का दीदार

शाही जोड़ा अपने विशेष विमान से 16 अप्रैल को सुबह साढ़े ग्यारह बजे पहुंचेगा। होटल में लंच के बाद वह साढ़े चार बजे ताज परिसर में स्मारक का दीदार करेंगे। उनके दल में 80 सदस्यों में से 40 लोग दोपहर को भी वापस चले जाएंगे। शाही जोड़ा और उनके नजदीकी लोग रात 11 बजे चार्टर प्लेन से वापस जाएंगे।

एडवांस टीम कर चुकी है दौरा

शाही जोड़े के भ्रमण से पहले ब्रिटिश एडवांस टीम ने पिछले दिनों ताज का दौरा किया। सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। इसके बाद टीम ने होटल अमर विलास को भी देखा था। इस टीम में जेम्स, रिचर्ड सहित छह सदस्य शामिल थे।