अमरावती (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को भ्रष्टाचार के एक मामले में शनिवार तड़के राज्य पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने गिरफ्तार कर लिया। चंद्रबाबू नायडू को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह सुबह के समय आराम कर रहे थे। इस घटना के बाद जब चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया तो उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया है। पूर्वी गोदावरी जिले में उनके साथ प्रदर्शन कर रहे कई विधायकों को भी हिरासत में लिया गया। टीडीपी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने नारा लोकेश को उसके पिता से मिलने से रोकने के लिए रोका। चंद्रबाबू नायडू के वकील ने कहा कि वे जमानत के लिए हाइकोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, चंद्रबाबू नायडू को हाइब्लड प्रेशर और शुगर है।

आराम करते समय हुए अरेस्ट

टीडीपी ने सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी सरकार पर चंद्रबाबू नायडू को अवैध रूप से गिरफ्तार करने का आरोप लगाया, जब वह बस में आराम कर रहे थे। पार्टी प्रवक्ता कोम्मारेड्डी पट्टाभिराम ने आरोप लगाया कि शुक्करवार रात से अवैध रूप से उन्हें गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी थी। सैकड़ों पुलिस कर्मियों ने उस जगह को घेर लिया जहां चंद्रबाबू नायडू आराम कर रहे थे और उनके साथ सभी नेताओं को अवैध रूप से हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि नायडू ने पुलिस से पूछा कि उन्हें किस बेस पर अरेस्ट किया तो कोई जवाब नहीं मिला।

बताए बिना गिरफ्तार किया गया

टीडीपी ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में अपने सुप्रीमो की गिरफ्तारी की निंदा की। एक पोस्ट में कहा गया, क्या आप एक पूर्व सीएम को यह बताए बिना गिरफ्तार करेंगे कि उन्हें क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है? हम आपके साथ हैं सर..जनता आपका किला है। हम लड़ेंगे। हम जीतेंगे। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार करते समय नेताओं और अधिवक्ताओं के सवालों का जवाब नहीं दिया। पुलिस ने बस का दरवाजा खटखटाया और जैसे ही चंद्रबाबू नायडू सवाल पूछ रहे थे, उन्होंने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

National News inextlive from India News Desk