नई दिल्ली (एएनआई)। Chandrayaan-3 Landing Updates : चंद्रयान 3 आगामी 23 अगस्त को चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस संबंध में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव एस सोमनाथ ने केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान और प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष जितेंद्र सिंह से सोमवार को नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दाैरान उन्हें 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा पर उतरने के लिए 'चंद्रयान-3' की स्थिति और तैयारी से अवगत कराया। इसरो के अध्यक्ष ने मंत्री को चंद्रयान-3 की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी दी और कहा कि सभी प्रणालियां पूरी तरह से काम कर रही हैं। चंद्रयान-3 की कंडीशन पर लगातार नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा, लैंडिंग का अंतिम क्रम दो दिन पहले लोड किया जाएगा और उसका परीक्षण किया जाएगा।


चंद्रयान की लाइव एक्टिविटी यहां देखें
बैठक के दौरान मंत्री जितेंद्र सिंह ने 'चंद्रयान-3' के इस बार सॉफ्ट लैंडिंग करने पर भरोसा जताया और उम्मीद जताई कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ग्रहों की खोज का एक नया इतिहास लिखेगा। इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 आगामी 23 अगस्त, 2023 को लगभग 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा पर उतरने के लिए तैयार है। लाइव गतिविधियां इसरो वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, फेसबुक और सार्वजनिक प्रसारक डीडी नेशनल टीवी पर 23 अगस्त, 2023 को 5 बजकर 27 मिनट से उपलब्ध होंगी।


चंद्रयान-3 मिशन के प्राथमिक तीन उद्देश्य
इससे पहले इसरो ने चंद्रयान-3 द्वारा ली गई चंद्रमा के सुदूरवर्ती क्षेत्र की नई पिक्चर्स शेयर की। संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस और चीन के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश होगा, लेकिन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला भारत दुनिया का एकमात्र देश होगा। चंद्रयान-3 मिशन के प्राथमिक तीन उद्देश्य हैं। इसमें चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग का प्रदर्शन करना, चंद्रमा पर रोवर की परिक्रमा करना और चंद्रमा की सतह पर इन-सीटू वैज्ञानिक प्रयोगों का संचालन करना शामिल हैं।

National News inextlive from India News Desk