पटना (ब्यूरो)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि पटना में केवल राजेंद्र नगर में ही नहीं बल्कि हर इलाके में पानी घुस गया है। अभी जैसी स्थिति बनी हुई है उसमें अगर दक्षिण से पुनपुन नदी का जलस्तर ऊंचा हो गया तो सभी इलाकों में पानी घुस जाएगा। लेकिन यह कहा नहीं जा सकता कि यह हो ही जाएगा। इन सब के बावजूद हर चीज के लिए हमलोग बिल्कुल सतर्क हैं।

प्राकृतिक आपदा है, हौसला रखें
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को लगातार दूसरे दिन सरदार पटेल भवन पहुंच जबरदस्त बारिश से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के बाद कहा कि लोगों की जो सहायता हो सकती है, हमलोग वह सब करेंगे। पूरी टीम लगी हुई है। यह परेशानी केवल पटना नहीं है। हम सब लोग लगे हुए हैं। इस परिस्थिति में लोगों को अपना हौसला बुलंद रखना होगा। लोग हिम्मत से काम लें। यह जो कुछ भी है वह प्रकृति की वजह से है। प्रशासन हर संभव सहायता उपल?ध कराने को तत्पर है।

राजेंद्र नगर में छह जगहों पर सुधा बूथ खुले रखने का आदेश
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को पटना के राजेंद्रनगर के लिए चल रहे राहत कार्यों के बारे में बताया गया कि विद्यार्थियों को छात्रावासों से बाहर निकाला गया है। जो लोग ग्राउंड फ्लोर पर हैं उन्हें वहां से सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। दूध की आवश्यकता को पूरा करने को ले छह जगहों पर सूधा बूथ को लगातार खुला रखने को कहा गया है। पानी के लिए 50 टैंकर की व्यवस्था की गई है। छह स्कूलों में रिलीफ कैंप की व्यवस्था की जा रही है।

पर्यावरण असंतुलन के चलते हो रहा जलवायु परिवर्तन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन के चलते जलवायु में परिवर्तन हो रहा है। इसी वजह से शुरूआती दिनों में कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसके बाद सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई। फिर गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा। अब पांच-छह दिनों से लगातार बारिश हो रही है। अभी यह कहा नहीं जा सकता कि यह बारिश कब खत्म होगी। मौसम विज्ञान विभाग वाले भी इस बारे में सटीक जानकारी नहीं दे रहे।
patna@inext.co.in

National News inextlive from India News Desk