घर में भी नमो के चर्चे

मीडिया का केंद्र बिंदु बने नरेंद्र मोदी का असर अब घर में भी दिख रहा है। चाय की दुकान, मोहल्ले की चौपाल से नमो के  चर्चे घर में भी पहुंच गए हैं। फेमिली मेंबर नमो को लेकर चर्चा कर रहे हैं कि वह यहां विकास की बात करेंगे या विपक्षी दलों पर हमला बोलेंगे। अपने शहर के इतिहास से उनका भाषण शुरू होगा या सीधे केंद्र में सरकार बनाने के लिए लोस चुनाव में भाजपा को लाने की बात होगी।

कॉलर ट्यून में भी नमो

जहां पहले एक से बढ़कर एक फिल्मी गानों और देशभक्ति के गीतों को कॉलर टयून पर लोग लगाते थे अब मोदी की कॉलर टयून को लगवा रहे है। भाजपाईयों ने एक कॉलर टयून भी बनवा ली है। ये टयून पीएम बनेगा नरेंद्र मोदी, नंबर वन हो इंडिया हमारा है। ये भाजपा के तमाम नेताओं के मोबाइल पर कॉलर टयून लग रही है।  

मोबाइल स्क्रीन पर भी मोदी

नमो के जादू के असर से मोबाइल भी मोदीमय हो गए हैं। जहां एक ओर युवा मोदी के गेम को मोबाइल पर खेलकर अपना एंटरटेनमेंट कर रहे हैं, वहीं बड़े भी मोदी का लाइव वॉलपेपर अपनी स्क्रीन पर लगा रहे हैं। एंडरायड मोबाइल स्टोर में नरेंद्र मोदी को सर्च करने पर कई मोदी के नाम से गेम और लाइव वॉलपेपर का आप्शन आएगा। गेम पर क्लिक करने के लिए गेम इंस्टाल होना शुरू हो जाएगा।

सोशल मीडिया पर भी रंग चढ़ा

लोस चुनाव की अभी घोषणा भी नहीं हुई है, लेकिन मोदी के चाहने वालों ने सोशल मीडिया पर मोदी की वाल पोस्ट करनी शुरू कर दी। मोदी की फोटो को गूगल से कॉपी करके सोशल मीडिया पर अपलोड किया जा रहा है। फेसबुक के साथ वाट्सअप पर भी मोदी की फोटो को लोग अपने मित्रों और साथियों के पास भेज रहे है। सोशल मीडिया पर हर तरफ मोदी ही मोदी छाए हुए हैं।

मेरठ के लिए क्या होगा खास

भाजपा की विजय शंखनाद रैली में आ रहे नमो को लेकर लोगों के मन में जिज्ञासाओं का आंधी जोर मार रही हैं। पब्लिक के जेहन में सवाल उमड़ रहे हैं कि नमो के दिल में मेरठ के लिए क्या खास होगा। उनके भाषण में क्या विशेष होगा। डॉक्टर मोहित कुमार के अनुसार अभी तक उन्होंने मोदी को सिर्फ टीवी पर ही बोलते सुना है। अब नमो अपने शहर आ रहे हैं तो, मेरठ के लिए क्या कहेंगे, यहां के लिए क्या उनकी योजना है।

मोदी के मंच पर मेरठ

नमो के  मंच पर मेरठ को समेटने की कोशिश भाजपा ने की है। मंच पर मेरठ के एतिहासिक महत्व, यहां की संस्कृति, परंपरा और मुख्य उद्योग की छाया से मंच को सजाया गया है। मंच पर लगा मुख्य होर्डिंग पर मेरठ की पहचान घंटाघर, शहीद स्मारक, सीसीएसयू यूनिवर्सिटी, औघडऩाथ मंदिर के फोटो से सजा है।

वेस्ट यूपी का होगा दर्शन

भाजपा की विजय शंखनाद रैली में वेस्ट यूपी के सहारनपुर से रामपुर तक के जनपद हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में रैली आयोजकों ने सभी जनपदों के महत्व को ध्यान में रखकर मंच तैयार कराया है। मंच पर लगे होर्डिंग्स पर वेस्ट की पहचान बने उद्योगों की झलक दिखाई गई है। जिसमें बागपत में गन्ना, मेरठ में कैंची, गुड, गजक, उद्योग शामिल है। उधर, खुर्जा का पॉटरी उद्योग, सहारनपुर का हथकरघा उद्योग के  दर्शन भी मंच पर होंगे।

"सहारनपुर से रामपुर की जनता मोदी को सुनने के लिए रैली में पहुंच रही है। रैली में आठ लाख से अधिक की भीड़ आएगी। नमो का जादू पब्लिक पर चल रहा है और पब्लिक भी देश का नेतृत्व परिवर्तन करने का मन बना चुकी है."

  - लक्ष्मीकांत वाजपेई, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा