नई दिल्ली (आईएएनएस)। पिछले 24 घंटों में भारत में 40,425 कोरोना के नए केस सामने आए हैं। यह एक दिन में बढ़ने वाले मामलों की सबसे अधिक संख्या है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में कोरोना महामारी से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 11,19,043 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में 681 मौतों के साथ मरने वालों का कुल आंकड़ा 27,497 तक पहुंच गया। भारत में तीन दिनों के भीतर एक बार फिर एक लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए।

तीन दिन में एक लाख पार
भारत में 17 जुलाई को 10 लाख कोरोना केस थे और 17 जुलाई को यह आंकड़ा 11 लाख के पार पहुंच गया। यानी तीन दिन में कोरोना से संकमित होने वालों की संख्या में एक लाख का इजाफा हो गया। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात के मामलों में सबसे अधिक केस दर्ज किए गए हैं।

महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित
महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य रहा, जहां कुल 3,10,455 मामले सामने आ चुक हैं वहीं राज्य में इस महामारी से 11,854 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद तमिलनाडु का नंबर आता है यहां कुल केस 1,70,693 मामले थे, और 2,481 मौतें रिकाॅर्ड की गई। 1,22,793 मामले और 3,628 मौतों के साथ देश में कोरोना प्रभावित तीसरा राज्य या केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली है।

अन्य राज्य का ऐसा है हाल
10,000 से अधिक मामलों वाले राज्यों में कर्नाटक (63,772), गुजरात (48,355), उत्तर प्रदेश (49,247), राजस्थान (29,434), मध्य प्रदेश (22,600), पश्चिम बंगाल (42,487) शामिल हैं। हरियाणा (26,164), आंध्र प्रदेश (49,650), तेलंगाना (45,076), असम (23,999), जम्मू और कश्मीर (13,899), केरल (12,480), ओडिशा (17,437) और बिहार (26,569) में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

दुनिया में भारत तीसरे नंबर पर
पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमितों में भारत तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। सबसे पहले नंबर पर अमेरिका है वहीं दूसरे पर ब्राजील है। भारत में पिछले 24 घंटों में, 32,56,059 नमूनों का परीक्षण किया गया। अपने देश में फिलहाल टेस्ट की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ाई जा रही है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़त की वजह अत्यधिक टेस्टिंग भी है।

National News inextlive from India News Desk