-बड़ागांव के गणेशपुर की घटना, विश्वकर्मा पूजा के दौरान कई राउंड फायरिंग

विश्वकर्मा पूजा के दौरान वर्कशाप में बज रहे डीजे बंद नहीं करने पर पड़ोसी इतना नाराज हुआ कि क्रेन चालक को गोली मार दी। बड़ागांव थाना के गणेशपुर में चली गोली से घायल क्रेन चालक को पुलिस ने हरहुआ स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया। वर्कशाप मालिक की तहरीर पर हमलावर की तलाश में पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं।

नहीं माना तो दाग दी गोली

बड़ागांव के गणेशपुर, भेलखा में आशा ब्रेक डाउन नामक वर्कशॉप के कर्मचारी विश्वकर्मा पूजा का आयोजन कर डीजे पर डांस कर रहे थे। डीजे की तेज आवाज से परेशान पड़ोस के निर्भय सिंह ने डीजे बंद करने का अनुरोध किया तो कर्मचारी नहीं माने और डीजे बजता रहा। इस बात को लेकर वर्कशॉप कर्मचारियों और निर्भय सिंह से विवाद हो गया। कर्मचारियों की संख्या ज्यादा देख निर्भय सिंह ने कमर से पिस्टल निकाल फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें रसूलपुर गांव निवासी क्रेन चालक रितेश पांडेय 26 वर्ष की जांघ में जाकर एक गोली धंस गई। दूसरी गोली कर्मचारी प्रमोद की कान को छूते क्रास कर गई। 100 पर सूचना देने के बाद पहुंचे थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने मौके से एक गोली का ऊपरी हिस्सा बरामद किया है। घायल रितेश के भाई दिलीप पांडेय की तहरीर पर बड़ागांव पुलिस निर्भय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दे रही है।