RANCHI: हम अपने घरों में एक भी कचरा देखना पसंद नहीं करते हैं। घर को पूरा साफ-सुथरा रखना हर व्यक्ति की चाहत होती है। लेकिन वही कचरा जब घर से निकाल कर बाहर लाते हैं तो उसे उसकी जगह पर न डाल कर यहां-वहां डालकर गंदगी फैलाते हैं। जी हां, यह लोगों की आदत में शुमार हो चुका है वे अपने घर, दुकान की गंदगी लाकर सड़क पर ही फेंक देते हैं। डस्टबिन होने के बावजूद इसे अनदेखा कर ऐसी गलती बार-बार दुहराते हैं।

डस्टबिन में नहीं डाल रहे कचरा

रोस्पा टावर

शहर के प्रतिष्ठित कॉमर्शियल मॉल रोस्पा टॉवर के बाहर डस्टबिन होने के बावजूद यहां के दुकानदार सड़क पर ही कचरा डाल देते हैं। डस्टबिन में कचरा न डाल कर सड़क पर डालने की वजह से मॉल के सामने ही गंदगी पसरी रहती है। मॉल में खरीदारी करने आने वाले लोगों को गंदगी से होकर ही गुजरना पड़ता है।

डस्टबिन नहीं होने का बहाना

के मल्लिक रोड

के मल्लिक रोड पर कई हफ्तों तक कचरा फैला रहता है। समय पर यहां कभी साफ-सफाई नहीं होती। इस स्थान पर डस्टबिन नहीं होने के कारण सड़क पर ही गंदगी फेंकने के लिए लोग मजबूर हैं। सड़क पर गंदगी होने के कारण आने-जाने में लोगों को परेशानी होती है।

कचरे का नहीं हो रहा उठाव

किशोरगंज रोड नं। 4

किशोरगंज रोड नं। 4 की स्थिति भी खराब है। यहां भी कई महीनों से कचरा नहीं उठा रहा। यहां नियमित सफाई नहीं होती। न ही इस स्थान पर डस्टबिन है।

सड़क पर फैल रही गंदगी

कुम्हार टोली पहाड़ी

कुम्हार टोली पहाड़ी मंदिर के आस-पास गंदगी का अंबार रहता है। डस्टबिन नहीं होने के कारण लोग सड़क पर ही कचरा फेंक जाते हैं, जिसकी सफाई नहीं होने के कारण रोड पर कचरा फैलता रहता है।

लेकिन कई स्थानों पर डस्टबिन नहीं लगे होने के कारण बाहर कचरा फेंकना पड़ता है। निगम को हर स्थान पर डस्टबिन की व्यवस्था करानी चाहिए।

-विवेक रंजन

सफाई नहीं होने के कारण मजबूरन हमे बाहर कचरा फेंकना पड़ता है। डस्टबिन भरे होने की वजह से भी कचरा रोड पर गिरता है। नगर निगम को नियमित सफाई कराना चाहिए।

-आनंद कुम्भकार

सोचिएगा जरूर

डस्टबिन होने के बावजूद क्यों हमलोग बाहर ही कचरा फेंक देते हैं। इस तरह न जाने कितने लोगों को तकलीफ देते हैं। खुद तो साफ रहते हैं, लेकिन अपने शहर को क्यों गंदा रखते हैं।