मुंबई (ब्यूरो)। भारतीय महाकाव्य महाभारत पर कई टीवी धारावाहिक बने हैं। इन्हें भगवान श्रीकृष्ण के नजरिए से दर्शाया गया है। अब फिल्म निर्माता मधु मंतेना 'महाभारत' फिल्म का निर्माण करने जा रहे हैं। दो या अधिक भागों में बनने वाली इस फिल्म में दीपिका पादुकोण द्रौपदी की भूमिका निभाएंगी। इस फिल्म की नवीनता यह है कि इसे द्रौपदी के नजरिए से बनाया जाएगा। द्रौपदी बनने को लेकर दीपिका पादुकोण खासी उत्साहित हैं।

द्रौपदी की भूमिका निभाने के लिए रोमांचित

दीपिका के मुताबिक, 'मैं द्रौपदी की भूमिका निभाने के लिए रोमांचित और सम्मानित महसूस कर रही हूं। महाभारत को पौराणिक कथाओं और सांस्कृतिक प्रभाव के लिए जाना जाता है, लेकिन जीवन के कई सबक हमें महाभारत से मिले हैं। हालांकि वह पुरुषों के दृष्टिकोण से रहे हैं। लिहाजा इस नए दृष्टिकोण के साथ समझना न केवल दिलचस्प होगा, बल्कि बहुत महत्वपूर्ण भी होगा।'

'महाभारत' में द्रौपदी बनेंगी दीपिका पादुकोण,रोल को लेकर काफी एक्साइटेड

2021 दिवाली में आएगी फिल्म

फिल्म का पहला भाग साल 2021 में दिवाली पर रिलीज करने की योजना है। दीपिका फिल्म निर्माता मधु मंतेना के साथ मिलकर इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का सह-निर्माण भी करेंगी। मधु मंतेना का कहना है कि महाभारत में द्रौपदी की महाकाव्य पौराणिक कहानी को बड़े पर्दे पर फिर से बताना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। हमारी फिल्म की विशिष्टता इस कहानी को द्रौपदी के नजरिए से देखना है, जो हमारे देश के पौराणिक इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण महिला नायिकाओं में से एक है। दीपिका अगर इस फिल्म का हिस्सा नहीं बनती, तो हम इस फिल्म को इतने महत्वाकांक्षी स्तर पर नहीं बनाते। हम जल्द ही इस फिल्म से जुड़ी बाकी क्रिएटिव टीम की घोषणा करने के लिए तत्पर हैं।' अगले साल दीपिका फिल्म 'छपाक' और '83 में नजर आएंगी।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk