-पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं के दर्शन-पूजन को उमड़ी भीड़

महाषष्ठी के साथ ही सोमवार को दुर्गा पूजा की शुरुआत हो गई। पंडालों में मां के जयकारे गूंजने लगे।

मंत्रोच्चार के साथ शुभारम्भ

श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी चौफटका चकनिरातुल में सोमवार को दुर्गा पूजा पंडाल में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा महोत्सव का शुभारम्भ हो गया। इस अवसर ढोल नगाड़ों के साथ भक्तों ने मां के जयकारे लगाकर उनकी उपासना की। देर रात तक भक्तों की भीड़ मां का दर्शन करने के लिए उमड़ती रही। कमेटी के अध्यक्ष अमरनाथ यादव ने बताया कि 22 अक्टूबर तक पूजा का आयोजन होगा। 23 अक्टूबर को मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के साथ उन्हें विदाई दी जाएगी।

मीरापुर बारवारी में लगा छप्पनभोग

डीएवी इंटर कालेज मीरापुर प्रांगण में शुरू हुए दुर्गा पूजा महोत्सव पूजा के पहले दिन भक्तों ने मां को छप्पन भोग का प्रसाद चढ़ाया। बारवारी के महासचिव श्यामल रॉय ने बताया कि समिति के पदाधिकारियों कार्यकारी सचिव अर्पब दे कीर्ति एवं अभिजीत सेनगुप्ता ने छप्पन प्रकार की मिठाईयां भोग में लगाकर कल्प आरम्भ किया। इस मौके पर पुरोहित द्वारा विधि विधान पूर्वक मां के मुख से आवरण भी हटाया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के अन्तर्गत आयुषी दे कीर्ति के निर्देशन में छोटे बच्चों द्वारा गीत एवं नृत्य के माध्यम से आगोमोनी स्वागत गीत का मंचन किया गया।