- 26 सजायाफ्ता कैदी विशेष दिवस की स्मृति में जेल से किए जाएंगे मुक्त

PATNA: महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बिहार स्थित विभिन्न जेलों से 88 कैदी आजाद होंगे। इनमें 26 बंदी इस श्रेणी के हैं जो विभिन्न मामलों में सजायाफ्ता होकर जेल में थे। गांधी 150वीं जयंती की विशेष स्मृति में इन्हें दो अक्टूबर को रिहा किया जाएगा। वहीं 62 अतिरिक्त बंदियों को भी दो अक्टूबर को रिहा किया जाना है। ये बंदी विशेष स्मृति में रिहा होने वाले बंदियों से अलग हैं।

बेउर से तीन कैदी होंगे रिहा

जेल आइजी मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि बापू की 150 वीं जयंती की स्मृति में रिहा होने वाले बंदियों में सबसे अधिक संख्या भागलपुर सेंट्रल जेल में बंद कैदियों की है। भागलपुर से आठ बंदियों को रिहा किया जा रहा है। मोतिहारी जेल से 5, पटना के बेऊर से 3, बक्सर से 5, मुजफ्फरपुर व पूर्णिया जेल से 3-3 बंदियों को रिहा किया जाएगा। कोई भी आजीवन कारावास की सजा वाला बंदी नहीं है। इनके अतिरिक्त 68 अन्य बंदियों को भी गांधी जयंती के दिन ही रिहा किया जाएगा। जेल आईजी श्री मिश्रा ने बताया कि इन बंदियों की रिहाई का निर्णय पूर्व में हुई कई बैठकों में लिया गया था। यह संयोग है कि इनकी रिहाई गांधी जयंती के दिन हो रही है।

गांधी जी की 150 वीं जयंती के मौके पर पिछले कई हफ्तों से सूबे के सभी जिलों में बंदियों को गांधी जी के जीवन से जुड़ी कहानियां बताई जा रही है। उनके जीवन से जुड़ी कहानियों का पाठ हर सुबह जेल के बंदियों के बीच कराया जा रहा है।