- लगभग चार साल से आगरा नगर निगम में थे तैनात

आगरा। सिटी में चर्चित रहे नगर निगम के पर्यावरण अभियंता का मंगलवार को शासन ने ट्रांसफर कर दिया। पर्यावरण अभियंता के खिलाफ कई शिकायतें उच्चाधिकारियों के अलावा शासन में की गई थी। माना जा रहा है कि पर्यावरण अभियंता का ट्रांसफर विज्ञापन के गार्डर चोरी किए जाने के मामले को लेकर किया गया है।

दबंगई के लगे आरोप

पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी पर हमेशा से दबंगई करने के आरोप लगते रहे हैं। उनके पास पर्यावरण के अलावा, अतिक्रमण, निर्माण, स्वास्थ्य विभाग की भी जिम्मेदारी थी। सिटी में जिस अतिक्रमण को अन्य विभाग नहीं हटा पाते थे उस अतिक्रमण को हटाने के लिए राठी को बुलाया जाता था।

गार्डर चोरी के मामले में फंसे

लगभग छह माह पूर्व राठी पर विज्ञापन के गार्डर चोरी करने का आरोप लगा था। विज्ञापन एजेंसी संचालकों ने एकत्रित होकर राठी के खिलाफ थाना हरीपर्वत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद मामला काफी चर्चित रहा था।

कमेटी कर रही थी जांच

गार्डर चोरी प्रकरण की जांच कमेटी द्वारा की जा रही थी। कई बार राठी से नगर निगम में पुलिस ने आकर पूछताछ की थी। पूर्व में राठी के गिरफ्तार होने की अफवाह तेजी से उड़ी थी।

इलाहाबाद पहुंचे राठी

शासन ने मंगलवार को पर्यावरण अभियंता राजीव राठी का ट्रांसफर नगर निगम इलाहाबाद कर दिया। उनके स्थान पर इलाहाबाद नगर निगम से संजीव प्रधान को पर्यावरण अभियंता के रूप में नगर निगम में नियुक्त किया गया है।