नई दिल्ली (आईएएनएस)। दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारी चल रही है।  इस बीच यहां चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा दे चुकी अलका लांबा ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। चांदनी चौक की पूर्व विधायक अलका लांबा ने शनिवार को दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको से मुलाकात की और पार्टी की  सदस्यता ग्रहण की। अलका लांबा ने ट्वीट किया कि उन्होंने 5 रुपये की रसीद ली है और आधिकारिक रूप से कांग्रेस की सदस्य बन गई हैं।

कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी

इसके पहले अलका लांबा ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। अलका ने 6 सितंबर को आप पार्टी को छोड़ दिया था। उन्होंने घोषणा की थी कि वह सोनिया गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल होंगी।  दिल्ली विश्वविद्यालय की पूर्व अध्यक्ष, अलका लांबा ने पुरानी पार्टी छोड़ने से पहले 20 साल तक कांग्रेस में सेवा की।

अलका ने 2015 का विधानसभा चुनाव चांदनी चौक से जीता था

इसके बाद अलका लांबा ने आप का दामन थामा था। उन्होंने 2015 का विधानसभा चुनाव चांदनी चौक से जीता था।  19 सितंबर को अलका लांबा को दिल्ली विधानसभा से स्पीकर राम निवास गोयल ने दलबदल के आधार पर अयोग्य घोषित कर दिया था। वह शुक्रवार को पार्टी में शामिल होने वाले थी, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि ज्वाइनिंग शनिवार को होगी।