- एडीजी आवास के पास कांग्रेस नेता की मां संग हुई वारदात

- संगीता मैम के साथ वारदात का हवाला, झांसे में आईं बुजुर्ग

GORAKHPUR: शहर के भीतर पुलिस वाला बनकर राहगीरों के साथ जालसाजी करने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे रिक्शा सवार बुजुर्ग महिला को झांसा देकर तीन जालसाजों ने चार लाख रुपए का चूना लगा दिया। खुद को पुलिस वाला बताकर जालसाजों ने उनके कीमती गहने उतरवा लिए। उसे कागज में लपेटकर लौटा दिया। आगे जाने पर जब उन्होंने कागज खोला तो पता लगा कि कागज में नकली ज्वेलरी थी। पीडि़त महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव की मां हैं। घटना की सूचना पर कैंट थाना पर मौजूद एसआई इत्यानंद मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। मामले की जानकारी होने पर कई कांग्रेस नेता कैंट थाना पहुंचे थे।

संगीता मैम के साथ हुई घटना, आप भी हो सकती हैं शिकार

शाहपुर, मोहल्ला निवासी बुजुर्ग महिला मुस्तरी सिद्दीकी के पति मोहम्मद अफजल सिद्दीकी रेलवे में अधिकारी पद से रिटायर हुए थे। उनके तीन बेटों में बड़े शकील सिद्दीकी कनाडा में इंजीनियर हैं। दूसरे बेटे परवेज सिद्दीकी इंडियन नेशनल कांग्रेस के महासचिव हैं। जबकि तीसरे नंबर के बेटे आरिफ दुबई में रहकर मल्टी नेशनल कंपनियों का बिजनेस करते हैं। गुरुवार को बुजुर्ग महिला मुस्तरी सिद्दीकी छात्रसंघ चौराहे पर डॉक्टर को दिखाने गई। वहां से करीब 11 बजे रिक्शा पकड़कर लौट रही थीं। एडीजी आवास से अंबेडकर चौराहे की तरफ रिक्शा बढ़ा तभी खुद को पुलिस वाला बताकर दो लोगों ने रिक्शा रोक दिया। महिला को बताया कि संगीता मैम के साथ घटना हुई है। आगे जाकर आप को भी बदमाश शिकार बना सकते हैं। इसलिए चेकिंग की जा रही। आप भी अपने सारे गहने उतारकर कागज में लपेटकर बैग में रख लीजिए।

कागज खोलने पर निकली नकली ज्वेलरी

बुजुर्ग महिला के कुछ समझ पाने के पहले एक साइकिल सवार आया। उसने अपनी सोने की चेन निकालकर नकली पुलिस वालों को दे दी। कागज में लपेटकर जालसाजों ने फिर उसे वही चेन लौटा दिया। महिला को यकीन हो गया कि पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने अपनी सोने की चार चूडि़यां, दो अंगूठी और गले की चेन उताकर दे दिया। उन्हीं के सामने कागज में गहने लपेटकर नकली पुलिस वालों ने लौटा दिया। थोड़ी दूर जाने के बाद जब उन्होंने कागज खोला तो उसमें नकली गहने देखकर होश उड़ गए। महिला ने कैंट पुलिस को सूचना दी। एसआई इत्यानंद तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक उचक्के गायब हो चुके थे। इसके पूर्व 20 जुलाई को वीसी आवास के सामने बदमाशों ने संगीता मैम का नाम बताकर महिला के गहने लूट लिए थे। जबकि 27 जुलाई को रेलवे जीएम ऑफिस रोड पर जालसाज एक महिला की ज्वेलरी और बैग लेकर फरार हो गए थे।

वर्जन

घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। मामले की छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जाएगी। जल्द ही उनको अरेस्ट कर लिया जाएगा।

- रवि राय, इंस्पेक्टर कैंट