सिलेंडर लीक से लगी आग

बेलिया बस्ती, निरंजनपुर मंडी निवासी राजकुमार कश्यप खाने-पीने की ठेली लगाकर अपना जीवन गुजारा करते हैं। एक घर के ऊपर उनका परिवार रहता है। छत की जगह एक पॉलीथीन का कवर लगा रखा था। मॉर्निंग में करीब 10.15 बजे सिलेंडर लीक होने से आग फैल गई। पत्नी बबली इस दौरान वहां मौजूद थी। आग फैलते ही वह खुद को बचाने के लिए नीचे आ गई। घटना की जानकारी उसने तत्काल अपने पति को दी। इस बीच आग विकराल रूप धारण कर चुका थी।

महज कुछ मिनट में सब खाक हो गया

सूचना मिलते ही बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज संजीत कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्हीं के द्वारा इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को भी दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता हासिल कर ली। लेकिन इस दौरान घर का सारा सामान बुरी तरह जल चुका था। हाल ही में व्यक्ति ने नया फ्रिज लिया था। वह भी राख हो गया। वहां कुछ भी ऐसा नहीं बचा, जिसका इस्तेमाल दोबारा किया जा सके।

डेढ़ लाख रुपए भी हुए स्वाहा

मिली जानकारी के मुताबिक राजकुमार कश्यप के बेटे की हाल ही में सगाई होनी थी। जिसके लिए उसने एक कमेटी से रुपए ले रखे थे। रकम एक बक्से में रखी थी। आग लगने के दौरान किसी का ध्यान उस तरफ नहीं गया। जिसकी वजह से बक्शा भी जल कर नष्ट हो गया। व्यक्ति की पत्नी बबली को उम्मीद थी कि संभवत: अंदर रखे रुपए बच गए हो, लेकिन आग बुझने के बाद जैसे ही उसे खोला गया, महिला की आंख से आंसू निकल आए। सारे रुपए राख में तब्दील हो चुके थे।

फिर से बनाना पड़ेगा घर

इस आग ने न केवल सामान व रुपए बर्बाद किए, बल्कि एक परिवार की जमी-जमाई गृहस्थी भी तबाह कर दी। बबली ने बताया उसने पति की कमाई से एक-एक रुपया बचाकर घर का सारा सामान इकट्ठा किया था। अब उन्हें सबकुछ एक बार फिर से जुटाना पड़ेगा, जो आसान नहीं है। बेटे की शादी धूमधाम से हो इसके लिए रुपए भी उधार लिए थे। अब उसे ही चुकाने में लंबा समय लग जाएगा।